2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 13 नवंबर से औपचारिक शुरुआत

Congress gears up for 2027 assembly elections, formal launch on November 13

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 13 Nov, 2026 01:48 AM
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 13 नवंबर से औपचारिक शुरुआत

जिला-शहर अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों की होगी कार्यशाला, पवन खेड़ा और राजेन्द्र पाल गौतम होंगे शामिल

लखनऊ, 12 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 13 नवंबर से चुनावी तैयारियों की औपचारिक शुरुआत करेगी। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में प्रदेशभर के जिला एवं शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश चेयरमैनों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिवगण सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

तनुज पुनिया ने कहा कि कार्यशाला में जिला एवं शहर अध्यक्षों को भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने की रणनीति बताई जाएगी। सरकार की नीतियों के कारण युवाओं के रोजगार पर संकट, किसानों की बदहाली और आम जनता से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी जिला एवं शहर अध्यक्षों को सौंपी जाएगी। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत मीडिया विभाग, सोशल मीडिया विभाग, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर की भी कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें मीडिया के साथ बेहतर संवाद और आम जनता तक पार्टी की बात प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।

इस कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं सांसद पवन खेड़ा तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे मौजूद रहेंगे। वे अपने अनुभव साझा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों को बताएंगे कि सरकार की नीतियों के खिलाफ किसानों, युवाओं और मजदूरों के मुद्दों को किस तरह प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाया जाए।

#Congress #UttarPradesh #UPPolitics #UPAssemblyElection2027 #TanujPunia #AradhanaMishra #PawanKhera #AbhayDubey #CongressNews #कांग्रेस #उत्तरप्रदेश #विधानसभाचुनाव2027 #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.