भाजपा की पदयात्रा पर कांग्रेस का पलटवार, अभय दुबे बोले- ‘प्रजातंत्र भाजपा से बचाइए’, योगी सरकार को लेकर भी उठाए सवाल
Congress counters BJP's padayatra, Abhay Dubey says, "Save democracy from the BJP," also raises questions about the Yogi government.
IPN Live
Lucknow, 4 Nov, 2026 01:36 AMज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए निकाली जा रही पदयात्रा, अपने ही मुख्यमंत्री के खिलाफ खड़ी हुई भाजपा : अभय दुबे
शिवराज सिंह चौहान के गरीबी संबंधी दावे को बताया भ्रामक, एसआईआर और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
लखनऊ, 3 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा की पदयात्रा पर ही सवाल खड़े करते हुए इसे लोकतंत्र बचाने के बजाय भाजपा से लोकतंत्र बचाने की मुहिम करार दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे ने आरोप लगाया कि भाजपा ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है और इस पूरे घटनाक्रम में पार्टी अपने ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ खड़ी दिखाई दे रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अभय दुबे ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लखनऊ में निकाली गई पदयात्रा का राजनीतिक विरोधाभास यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं चुनाव आयोग के खिलाफ उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 27 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने का मुद्दा उठा रहे हैं, जबकि भाजपा लोकतंत्र बचाने के नाम पर पदयात्रा निकाल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "यह भाजपा की प्रजातंत्र बचाओ पदयात्रा नहीं, बल्कि भाजपा से प्रजातंत्र बचाइए पदयात्रा है।"
एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
अभय दुबे ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद मतदाता सूची है। देश के पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन ने मतदाता सूची तैयार और संशोधित किए बिना चुनाव कराने से इनकार कर दिया था। पहले आम चुनाव से पहले मतदाता सूची तैयार करने और उसमें सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम ने एसआईआर के जरिए इस लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर हमला किया है। इस मुद्दे को सबसे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उठाया था।
दुबे ने बिहार में हुए एसआईआर का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया गया और उसमें नाम नहीं होने वाले लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने की स्थिति में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने चुनाव आयोग की आंतरिक निर्णय प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। मीडिया में सामने आई जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि दोनों चुनाव आयुक्तों की नोटिंग में फार्म-6 में बदलाव की जानकारी सोशल मीडिया से मिलने का उल्लेख है। उन्होंने 26 अक्टूबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय में दाखिल चुनाव आयोग के हलफनामे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर से जुड़े तीन आदेशों को ही सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय बताया गया, जबकि फार्म-6 और ईसीआईनेट से जुड़े फैसलों में सर्वसम्मति का उल्लेख नहीं किया गया।
‘ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए निकाली जा रही पदयात्रा’
अभय दुबे ने शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ में निकाली जा रही पदयात्रा वास्तव में ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों पर हुई गोलीबारी और व्यापम घोटाले का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान के राजनीतिक कार्यकाल पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के समर्थन में खड़े लोग लोकतंत्र और संविधान के मूल सवालों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर जनादेश की जगह अधिकारियों के फैसलों को महत्व देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अब जनादेश के बजाय ज्ञानादेश की राजनीति कर रही है।
गरीबी के आंकड़ों पर शिवराज सिंह के बयान को बताया भ्रामक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 49 प्रतिशत परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने संबंधी शिवराज सिंह चौहान के बयान पर भी अभय दुबे ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि शिवराज सिंह चौहान ने विश्व बैंक की रिपोर्ट को पूरी तरह पढ़े बिना उसका हवाला दिया है।
दुबे ने कहा कि उसी रिपोर्ट में 57 प्रतिशत आबादी के भीषण गरीबी की स्थिति में जीवनयापन करने का उल्लेख है। उन्होंने भाजपा नेताओं के दावों को चुनौती देते हुए कहा कि गरीबी के आंकड़ों पर देश के सामने पूरी तस्वीर रखी जानी चाहिए।
जेपी नड्डा पर भी साधा निशाना
अभय दुबे ने भाजपा की राजनीतिक रणनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी जनादेश के बजाय ज्ञानादेश लेने लगी है। उन्होंने जेपी नड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में गड्ढा करने के बाद उसे भरने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के समर्थन में निकाली जा रही पदयात्रा का मकसद सच्चाई पर पर्दा डालना है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मतदाता सूची की पारदर्शिता तथा चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
#AbhayDubey #Congress #BJP #LoktantraBachao #SIR #VoteChori #GyaneshKumar #ElectionCommission #VoterList #RahulGandhi #YogiAdityanath #ShivrajSinghChouhan #UPPolitics #UPElection2027 #Constitution #Democracy #LucknowNews #PoliticalNews #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.