भाकपा (माले) ने कहा: UP सूखाग्रस्त घोषित हो, किसानों को राहत पैकेज मिले
CPI(ML) said: Uttar Pradesh should be declared drought-hit, farmers should get relief package
IPN Live
Lucknow, 11 Jul, 2022 09:03 PMलखनऊ, 11 जुलाई 2022 (आईपीएन)। भाकपा (माले) ने मानसून की अपेक्षित बारिश न होने और धन की रोपाई सिंचाई के अभाव में न हो पाने के कारण पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है।
राज्य सचिव सुधाकर यादव ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि किसानों की हालत दयनीय है। पूरा आषाढ़ का महीना बीतने को है, मगर बारिश का पता नहीं है। धान की रोपाई के लिए जो बीज डाले गए थे, वे पानी के अभाव में खेतों में ही सूख गए। रोपाई नहीं हो पाई। बरसात के मौसम में भी पिछले कई दिनों से तेज धूप और अनावृष्टि के चलते खेती चौपट है। मौसम विभाग की मानें, तो आगामी 18 जुलाई तक मानसूनी बारिश होने के लक्षण नहीं हैं। इसके अलावा, यह भी शिकायतें मिल रही हैं कि कई जगहों पर रोपाई के लिए धान की नर्सरी किसी तरह तैयार भी हुई थी, तो उसे आवारा पशु चर गए।
ऐसे में माले नेता ने सरकार से किसानों के लिए सूखा राहत पैकेज जारी करने, नहरों में पानी व सरकारी पम्पिंग सेट से सिंचाई की त्वरित व्यवस्था करने, निजी ट्यूबवेल के लिए निःशुल्क बिजली देने, मनरेगा में काम बढ़ा कर और मजदूरी दर 600 रु देने, खेतिहर मजदूरों को मुफ्त राशन सहित नगद राशि देने और आवारा पशुओं से खेती को नुकसान की भरपाई करने की मांग की।

No Previous Comments found.