मुख्यमंत्री को वापस उत्तराखण्ड भेजा जाएगा: अखिलेश

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 5 Feb, 2022 12:46 AM
मुख्यमंत्री को वापस उत्तराखण्ड भेजा जाएगा: अखिलेश

आगरा, 04 फरवरी 2022 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने शुक्रवार को आगरा में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की। दोनों नेताओं ने समाजवादी विजय रथ यात्रा से मतदाताओं के बीच पहुंचकर भी गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए समर्थन मांगा।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता नफरत की राजनीति और समाज के बांटने वालों का सफाया करेगी। मुख्यमंत्री को वापस उत्तराखण्ड भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया जनता को उससे हक और अधिकार मिल रहा है। भाजपा के लोग उसे खत्म करना चाह रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि महंगाई और भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के साथ साथ खाने पीने की चीजों के दाम भी भाजपा सरकार में बहुत बढ़ गए सरकार गरीबों और किसानों के साथ नहीं है, यह बड़े लोगों और उद्योगपतियों के साथ खड़ी है। दाल, अनाज और सरसों का तेल समेत सभी वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं जिससे जनता बेहद परेशान।

श्री यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार इस बार के बजट को अमृत बजट बता रही है तो क्या पहले के बजट जहर के समान थे। भाजपा जनता को धोखा देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी विधानसभा में भी असंसदीय शब्दों का प्रयोग करते हैं। जनता के बुनियादी सवालों से बचने के लिए इसी तरह की भाषा बोलते हैं। मुख्यमंत्री गर्मी निकालने की बात करते हैं, क्या वह फ्रिज का कंप्रेसर हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी की नहीं है। न नौजवानों की है न किसानों की। इसने हर वर्ग को अपमानित किया है। जो लोग भी अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर लखनऊ आए उन्हें लाठियों से पिटवाया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने लोगों को बेरोजगारी और परेशानी दी है। कारोबार ठप कर दिया है। कोरोना काल में दवाई, बेड और ऑक्सीजन का इंतजाम नहीं रहा जिसके कारण आगरा से लेकर पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर लोगों ने अपने परिवारों को खोया है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में मिली परेशानियों को जनता भूल नहीं सकती है। विधानसभा चुनाव में वोट के जरिए बीजेपी को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन को ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है, इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। हम लोग काम करने वाले हैं, भाईचारा बढ़ाने वाले हैं और विकास करने वाले हैं। हम लोकतंत्र और भाईचारा बचाने के लिए काम कर रहे हैं। यह चुनाव भाईचारा बनाम भाजपा का है। समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार बनने पर हम आगरा को विश्वस्तरीय शहर बनाएंगे। आलू किसानों की हर संभव मदद करेंगे। आगरा के पास हिरनगांव में नया एयरपोर्ट बनाने का काम किया जाएगा। 300 सौ यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। पुरानी पेंशन बहाल होगी। कानून व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने एक्सप्रेस वे के जरिए आगरा के ताजगंज को लखनऊ के हजरतगंज से जोड़ने का काम किया है। आगरा में मेट्रो दिया। इटावा में लॉयन सफारी, चम्बल क्षेत्र में बर्ड फेस्टिवल आयोजित किया। मुख्यमंत्री जी तो गोरखपुर में मेट्रो तक नहीं चलवा सके। श्री यादव ने कहा कि जो अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं समाजवादी पार्टी उन्हें हटाने के लिए चुनाव आयोग से मांग कर रही है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.