विकास की लम्बी छलांग के सपने को पूरा करने वाला बजट : डा दिनेश शर्मा
Budget to fulfill the dream of leap of development :Dinesh Sharma
IPN Live
Lucknow, 27 May, 2022 12:54 AMलखनऊ, (आईपीएन)। पूर्व उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार के बजट को समृद्ध खुशहाल आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने वाला बजट बताया है। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता ने विकास की जिस चाल को बनाए रखने के लिए भाजपा सरकार में भरोसा जताया है यह बजट उस विकास की रफ्तार को बढाने वाला है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को पूरा करने के लिए सभी प्राविधान किए गए हैं। यह बजट सही मायने में किसान नौजवान महिला व गरीब की उम्मीदों को पूरा कर सकेगा। आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए उठाए गए कदम यूपी की जनता को सुकून देने का काम करेंगे। बजट के सभी प्राविधान ऐसे हैं कि प्रदेश आने वाले समय में हर क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित करेगा। यह सही मायने में विकास की लम्बी छलांग के सपने को पूरा करने वाला बजट है। डा शर्मा ने कहा कि बजट में भारत की सनातन संस्कृति को गौरव शिखर पर ले जाने की पूरी व्यवस्था की गई है। इस बजट के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। बजट में युवाओं के सुनहरे भविष्य का जबरदस्त खाका खींचा गया है। उन्हे नौकरी के साथ ही स्वरोजगार से जोडने के पुख्ता उपाय किए गए है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में जो क्रान्तिकरी बदलाव भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल में किए गए थे सरकार उन्हे आगे बढाने की दिशा में बढ रही है। बजट में बेहतरीन कानून व्यवस्था के साथ ही इन्फ्रास्ट्रक्चार विकास के लिए भी प्राविधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कभी अन्तर नहीं रहा है। जनता से किए गए वायदों को पूरा करना ही भाजपा सरकार की विशेषता है। इस बार के लोक कल्याण संकल्प पत्र के 97 संकल्पों को पूरा करने के लिए सरकार आगे बढ चली है।

No Previous Comments found.