भूपेंद्र चौधरी ने कहा: सोशल मीडिया पर हवा बना रहे सपा प्रमुख के समर्थक जमीन पर नदारद
Bhupendra Chaudhary said: SP chief's supporters who are making waves on social media are missing on the ground.
IPN Live
Lucknow, 28 Apr, 2024 02:15 AMलखनऊ, 27 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन्हें प्रदेश के 80 प्रतिशत बूथों पर बस्ता लगाने के लिए लोग तक नहीं मिल रहे, वो सरकार बनाने का दावा करते फिर रहे हैं। सपा प्रमुख और उनके समर्थक सिर्फ सोशल मीडिया पर ही हवा बना रहे हैं, जमीन पर उनके समर्थक नदारद हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, 2014 के बाद हर बार भाजपा ने सपा का सफाया किया है और इस बार भी समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ होना तय है और फिर एक बार मोदी सरकार और वो भी 400 पार आना तय है। प्रदेश की सभी सीटों पर जनता भाजपा को जिता रही है। मोदी जी के गरीब कल्याण, युवा कल्याण, किसान कल्याण और महिला कल्याण के लिए किए गये कार्यों से भाजपा ने जो जनविश्वास अर्जित किया है, उसी के फलस्वरूप ईवीएम कमलमय होने जा रही है।
चौधरी ने कहा कि बिना आंकड़े और सबूत के हवा बड़ी बनाई जा रही है, लेकिन विपक्ष को हाथ कुछ नहीं आने वाला, क्योंकि पब्लिक उन्हें ‘जीरो‘ यानी शून्य सीटें ही दे रही है। वो जो कुछ भी अपनी रैलियों में बोल रहे हैं, वो अपने मन को बहलाने के लिए अपनी मानसिक संतुष्टि के लिए बोल रहे हैं। बाकी हकीकत जनता जानती है, क्योंकि आएंगे तो मोदी ही।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अभी से हार की तैयारी कर ली है और हार के बाद ईवीएम को दोषी ठहराए जाने की पूरी स्क्रिप्ट बन चुकी है। मेरठ में इनके लोगों ने ईवीएम खराब का रोना शुरू कर दिया है और 4 जून को इनके द्वारा 400 सीटों की ईवीएम खराब घोषित कर दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का नाम ही सपा, वो हर दफा सफा होगी, इसकी गारंटी है। उन्होंने जनता को सावधान करते हुए कहा कि ये सनातन का अपमान करने वाले लोग हैं, जो किसी भी सूरत में सत्ता सुख वापस पाना चाहते हैं। ये फिर देश और यूपी को पुराने दौर में ले जाना चाहते हैं, लेकिन जनता ऐसे परिवारवादी लोगों को सबक सिखाने को तैयार है।
भूपेंद्र ने अखिलेश के बयानों पर हमला बोलते हुए कहा कि जो नकल माफिया को पालते हैं, सेंटर बुक करके नकल कराते हैं, आज उन्हें पेपर लीक की चिंता हो रही है। कहा कि, दंगे, सांप्रदायिक हिंसा और खराब लॉ एंड ऑर्डर जिनकी पहचान थी, आज वो पुलिस की सक्रियता देखकर भौचक हो गए हैं। वो पश्चिम की लहर की बात कर रहे हैं, उन्हें पता नहीं कि पश्चिम से लेकर पूरब तक एक ही हवा है और वो मोदी की हवा है। वो तो कन्नौज और मैनपुरी की सीट भी हार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, उनके लिए विकास का मतलब सिर्फ उनका घर का विकास होता है, लेकिन हमारे लिए विकास का मतलब पूरा देश और पूरा प्रदेश, इसीलिए आज उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एयरपोर्ट वाला राज्य बन सका है। ये डबल इंजन सरकार का विकास ही है, जो युवाओं, महिलाओं, किसानों का हक मार जाते थे, वो आज महंगाई और भ्रष्टाचार की बात करने लगे हैं। जिन दलों के अंदर लोकतंत्र नहीं, उन्हें आज संविधान की चिंता हो रही है।

No Previous Comments found.