सुनील बंसल और धर्मपाल की मौजूदगी में हुई BJP की क्षेत्रीय बैठक

BJP's regional meeting was held in the presence of Sunil Bansal and Dharampal

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Aug, 2022 01:05 AM
सुनील बंसल और धर्मपाल की मौजूदगी में हुई BJP की क्षेत्रीय बैठक

लखनऊ, 23 अगस्त 2022 (आईपीएन)। भारतीय जनता पार्टी के अवध, काशी, कानपुर व गोरखपुर क्षेत्र के प्रदेश व क्षेत्र के पदाधिकारियों जिला अध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने किया। बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों का नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह का औपचारिक परिचय हुआ।

राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि संगठनात्मक विकास व संख्यात्मक विस्तार की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में भाजपा का मजबूत स्थान बना है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक, सामाजिक क्षेत्र में परिवर्तन स्वाभाविक है। इसलिए जीवन के हर क्षेत्र के परिवर्तन को सकारात्मक रूप में स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धर्मपाल बहुत लम्बे समय तक उत्तर प्रदेश में काम कर चुके हैं। इसलिए वह उत्तर प्रदेश को बखूबी जानते हैं। परिवर्तन प्रकृति का नियम है, दायित्वों का मिलना, बदलना स्वाभाविक प्रक्रिया है और यह संगठन की अच्छी परम्परा भी है। व्यक्ति के बदलने के बाद भी विचार के लिए काम करना हमें पहले से सिखाया गया है। हमारे संगठन का मजबूत वैचारिक आधार है। धर्मपाल के नेतृत्व में प्रदेश संगठन आगे के चरणों में प्रवेश करने वाला है। हमने सारे चुनाव संगठन की सक्रियता व कार्यकर्ताओं की ताकत को एक दिशा में गढ़ने से जीते हैं। सभी कार्यकर्ताओं को अपने मन में एक संकल्प रखना है कि संगठन विस्तार के कार्य को मजबूत करना तथा अपने कार्य को स्थायी रूप देना है और कार्य में गुणात्मक वृद्वि लाना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। प्रदेश संगठनात्मक काम करने के लिए देश की सबसे बडी़ प्रयोगशाला है। हमारा नेतृत्व नरेन्द्र मोदी, जे0पी0 नड्डा, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और यशस्वी व तेजस्वी नेता कर रहे हैं हमारा काम नेतृत्व द्वारा सौंपे गए कार्यों को पूरी क्षमता समर्पण से पूरा करना है।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा पूरे प्रदेश में सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी, सर्वव्यापी और सर्वग्राही दल के रूप में ख्याति प्राप्त है। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल की  संगठन को इन सभी गुणों से युक्त करने में बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि मुझे संगठन द्वारा जो दायित्व मिला है उस पर मैं पूरी तरह खरा उतरने का काम करूंगा। सुनील बंसल के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन को नया आयाम मिला है, यह पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सहयोग से संभव हुआ है। भाजपा  संगठन के विस्तार का आधार कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन का विस्तार अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन ऐसे स्थानों पर भी अपनी पहुंच सुनिश्चित करेगा जहां अभी उसकी पहुंच नहीं है। आप सभी कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं, आपके प्रयास, सहयोग और जवाबदेही से संगठन की अनथक यात्रा जारी रहेगी।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता तपस्वी हैं। वह बहुत संघर्ष करते हैं। सुनील जी के रहते हुए बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं का समायोजन भी हुआ है। उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगे भी पार्टी के कार्यकर्ता अपने परिश्रम से आगामी नगर निकाय व लोकसभा चुनाव में विजय के नए कीर्तिमान बनाएगें।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम कर पार्टी को बुलन्दियों पर पहुंचाया है। कहा कि, सुनील बंसल ने उत्तर प्रदेश को संगठन मंत्री के रूप में पार्टी के प्रति निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम बूथ स्तर तक खड़ी की है। कहा कि, 2014 से 2022 तक हुए हर चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता हासिल हुई है। प्रदेश के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी उत्तर प्रदेश में विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते हुए पूरे प्रदेश के बारे में अच्छे से जानते हैं। उनके अनुभवों का लाभ निश्चित रूप से लोकसभा के चुनाव में पार्टी को मिलेगा। सपा-बसपा और कांग्रेस जैसे दल जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार वाली सोच से उबर नहीं पा रहे हैं। ये दल हर चुनाव में किसी न किसी नए गठबंधन के साथ सामने आते है, लेकिन जनता इन्हें नकार देती है। श्री मौर्य ने विश्वास व्यक्त किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में सभी 80 सीटों पर विजयी होगी।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर 2014 से हमारी विजय यात्रा अनवरत जारी है। कहा कि, वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक पार्टी के बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) के दायित्व पर रहे और सुनील बंसल के मार्गदर्शन में हमने एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा उत्तर प्रदेश में खड़ा किया है। जिसके बल पर हम कई चुनावों में अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज करा चुके हैं। श्री पाठक ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश में लम्बे समय तक कार्य कर चुके हैं। उनके लम्बे अनुभव का लाभ निश्चित रूप से पार्टी संगठन के और अधिक विस्तार के लिए मिलेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सभी सीटों पर विजयी होगी।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.