भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा जनता को गुमराह करने का राजनीतिक स्टंट: आराधना मिश्रा ‘मोना’
BJP's 'Save Democracy-Remove Anarchy' march is a political stunt to mislead the public: Aradhana Mishra 'Mona'
IPN Live
Lucknow, 3 Nov, 2026 08:59 AMलखनऊ, 02 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा की ओर से प्रदेश में निकाली जाने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पदयात्रा उसी कहावत को चरितार्थ कर रही है कि चोरी करने वाले को जब लोग दौड़ाते हैं तो वह चोर-चोर चिल्लाने लगता है। भाजपा ज्ञानेश कुमार को बचाने और अपने कुकृत्यों पर पर्दा डालने के लिए इस तरह का आयोजन कर रही है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली की ऐतिहासिक सफलता से भाजपा घबरा गई है। इसी बौखलाहट में वह पदयात्रा निकालकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझ रही है। यह पदयात्रा जनता को गुमराह करने और सरकार की विफलताओं को छिपाने का राजनीतिक स्टंट है।
आराधना मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित देश के कोने-कोने से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को सुनने के लिए लाखों की संख्या में लोग जुटे। महारैली को मिले व्यापक जनसमर्थन से भाजपा की घबराहट स्वाभाविक है। इस महारैली ने भाजपा की नींव हिलाकर रख दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब ध्यान भटकाने वाली राजनीति को समझ चुकी है। लोकतंत्र तभी सुरक्षित रह सकता है, जब संवैधानिक संस्थाएं बिना किसी राजनीतिक दबाव के स्वतंत्र रूप से काम करें। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान पीलीभीत में मतदाता सूची की बड़ी गड़बड़ी सामने आई और दो अधिकारियों को निलंबित किया गया। इसी तरह पूरे प्रदेश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की टीम द्वारा सरकार के इशारे पर गड़बड़ियां किए जाने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक जनपद में मतदाता सूचियों की जांच कर रहे हैं। भाजपा इन्हीं गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी और योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ आम जनता के हितों में सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
#Congress #AradhanaMishra #RahulGandhi #VoteBachaoDeshBachao #SIR #VoterList #Democracy #UttarPradesh #UPPolitics #BJP #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.