भाजपा की चिंतन बैठक बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर होनी चाहिए, आंतरिक कलह पर नहीं : सुरेन्द्र राजपूत

BJP's Chintan meeting should be on unemployment and education system, not on internal strife: Surendra Rajput

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 18 Nov, 2026 08:20 AM
भाजपा की चिंतन बैठक बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर होनी चाहिए, आंतरिक कलह पर नहीं : सुरेन्द्र राजपूत

कांग्रेस प्रवक्ता ने योगी सरकार पर साधा निशाना, शिक्षक भर्ती, पेपरलीक और बेरोजगारी को लेकर उठाए सवाल

लखनऊ, 17 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने प्रेसवार्ता कर भाजपा की चिंतन बैठक को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा और योगी सरकार को उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर चिंतन करना चाहिए। प्रयागराज में नीट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र पढ़ाई का खर्च जुटाने के लिए खून बेचने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पर करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं, इसके बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा को इस गंभीर स्थिति पर चिंतन करना चाहिए।

शिक्षक भर्ती और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

सुरेन्द्र राजपूत ने कहा कि करीब 70 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, लेकिन योगी सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। 68,500 और 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी आए दिन सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। प्रदेश के युवाओं को नौकरी पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हर साल देश में दो करोड़ नौकरियां देने का वादा करने वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश में बेरोजगारों का आंकड़ा 13 लाख पहुंच चुका है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और योगी सरकार में कोई भी परीक्षा पेपरलीक की घटनाओं से अछूती नहीं रह पा रही है। सरकार युवाओं और बेरोजगारी की चिंता करने के बजाय राजनीतिक दबाव बनाने के लिए बैठकें करने में जुटी है।

भाजपा में वर्चस्व की लड़ाई, किसकी चलेगी?

कांग्रेस प्रवक्ता ने 209 प्रत्याशियों की एक कथित सूची के संबंध में मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर वाली प्रेस विज्ञप्ति की प्रति दिखाते हुए भाजपा में आंतरिक कलह का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जबरदस्त अंतर्कलह मची हुई है।

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के इस बयान पर सवाल उठाया कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। उन्होंने पूछा कि क्या यह धमकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए है, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के लिए या केशव प्रसाद मौर्य के लिए?

उन्होंने कहा कि भाजपा में किसकी चलेगी, क्या इस पर चिंतन हो रहा है? गुजरात और लखनऊ के नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई जोरों पर है। मथुरा में होने वाली चिंतन बैठक अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के बीच आंतरिक कलह पर चिंतन बैठक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कार्यक्रमों में योगी आदित्यनाथ मौजूद रहते हैं, वहां राज्यपाल नहीं रहतीं और जहां राज्यपाल मौजूद रहती हैं, वहां योगी आदित्यनाथ नहीं रहते।

अयोध्या जमीन खरीद और मंदिरों के टूटने पर उठाए सवाल

सुरेन्द्र राजपूत ने आरोप लगाया कि अयोध्या में जमीन खरीद में घोटाला हुआ और मंदिर न्यास के चढ़ावे तथा चंदे में चोरी हुई। यह हिंदुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि मथुरा कॉरिडोर के नाम पर मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। इससे पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के दौरान सैकड़ों मंदिर तोड़े गए। सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

एसआईआर में धर्म के आधार पर मतदाता सूची बनाने का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता ने 19 लाख नाम जोड़े जाने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथित तौर पर 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी बयान का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या एसआईआर में धर्म के आधार पर मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है?

उन्होंने अमित शाह के तीन करोड़ घुसपैठियों को पकड़े जाने के दावे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या इन लोगों में उत्तर प्रदेश के 1 करोड़ 27 लाख हिंदू भी शामिल हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या चिंतन बैठक में पीलीभीत मॉडल को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर लागू करने को लेकर चर्चा हुई है?

दो कार्यकाल के बाद योगी को हटाने की तैयारी?

अंत में सुरेन्द्र राजपूत ने कहा कि भाजपा में दो कार्यकाल के बाद मुख्यमंत्री बदल दिए जाने की परंपरा चल रही है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, बीएस येदियुरप्पा और रमन सिंह का उदाहरण देते हुए नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं पर सवाल उठाया।

उन्होंने पूछा कि क्या दो कार्यकाल पूरे कर चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी किनारे करने की तैयारी है? सुरेन्द्र राजपूत ने कहा कि भाजपा को मणिपुर जैसे अशांत राज्य में चिंतन बैठक करनी चाहिए और इन सभी सवालों का जवाब देना चाहिए।

#Congress #SurendraRajput #UPCongress #BJP #YogiAdityanath #Unemployment #TeacherRecruitment #PaperLeak #SIR #VoterList #MathuraCorridor #Ayodhya #KashiVishwanath #UPPolitics #PoliticalNews #Lucknow #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.