भाजपा बताए कि वह आरक्षण के समर्थन में है या विरोध में : राजेन्द्र पाल गौतम

BJP should tell whether it is in favour of reservation or against it: Rajendra Pal Gautam

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Aug, 2026 08:30 PM
भाजपा बताए कि वह आरक्षण के समर्थन में है या विरोध में : राजेन्द्र पाल गौतम
राष्ट्रगान के अपमान के आरोप में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ एफआईआर की मांग, प्रदेश सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 24 अगस्त 2026 (आईपीएन)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी पर आरक्षण और एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के हितों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा स्पष्ट करे कि वह आरक्षण के समर्थन में है या इसके विरोध में।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में आरक्षण का विरोध कर रहे कुछ छात्रों के साथ प्रेसवार्ता की। उन्होंने सवाल किया कि यदि उपमुख्यमंत्री आरक्षण का विरोध करने वाले छात्रों के साथ प्रेस कर रहे हैं तो क्या भाजपा आरक्षण के खिलाफ है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मानसिकता एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को न्याय देने की नहीं है।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने तथा दो दिन के भीतर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने की बात कही थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या केंद्रीय मंत्री से मुलाकात हुई और यदि हुई तो उसमें क्या बातचीत हुई।

राजेन्द्र पाल गौतम ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसमें एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की करीब 8 हजार सीटें सामान्य वर्ग से भरे जाने को लेकर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट में भी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के आरक्षण को लेकर अनियमितता की बात सामने आने का दावा किया गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूछा कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई।

उन्होंने जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संसद में गृह मंत्री और प्रधानमंत्री की ओर से जाति जनगणना कराने की बात कही गई थी, लेकिन हाल ही में जनगणना से जुड़े जारी किए गए कॉलम में ओबीसी के लिए कोई अलग कॉलम नहीं है। उन्होंने भाजपा से इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

राष्ट्रगान के अपमान के आरोप पर कार्रवाई की मांग

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजने के समय विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के वहां से चले जाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रगान बज रहा था और उसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए तो उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि राष्ट्रगान के अपमान के आरोप को लेकर कांग्रेस के जिला एवं शहर अध्यक्षों ने पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की शिकायत की है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस प्रशासन ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की।

उन्होंने कहा, “क्या कोई भी स्पीकर, नेता और मंत्री हो, वह संविधान से ऊपर है? या उसे इसके लिए छूट मिली हुई है?” उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से पूछा कि सतीश महाना के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सतीश महाना विधानसभा अध्यक्ष होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर छोटी-छोटी बातों पर एफआईआर दर्ज कराते रहे हैं। उन्होंने कानपुर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाए जाने और एफआईआर दर्ज किए जाने का भी उल्लेख किया।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि राष्ट्रगान के अपमान के आरोप में सतीश महाना के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करे और प्रदेश सरकार तत्काल सख्त कार्रवाई करे।

प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय, पूर्व विधायक इन्दल रावत, प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, प्रवक्ता डॉ. अलीमुल्लाह खान, प्रवक्ता सचिन रावत सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.