UPI पर ‘चुंगी टैक्स’ की तैयारी, जनता की जेब पर भाजपा की नजर: अखिलेश यादव

BJP preparing to impose 'octroi tax' on UPI, eyeing public pockets: Akhilesh Yadav

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Sep, 2026 07:11 PM
UPI पर ‘चुंगी टैक्स’ की तैयारी, जनता की जेब पर भाजपा की नजर: अखिलेश यादव

योगी सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और बेरोजगारी को लेकर सपा प्रमुख का बड़ा हमला

लखनऊ, 17 सितंबर (आईपीएन)। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार यूपीआई भुगतान पर टैक्स लगाकर जनता से चुंगी वसूलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी यूपीआई से पैसा वसूलने की किसी भी योजना का विरोध करेगी और भाजपा के लोग "चुंगीजीवी" बन गए हैं।

समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि अर्थव्यवस्था को ट्रिलियन डॉलर बनाने के दावे के बीच भाजपा सरकार अब जनता पर नए आर्थिक बोझ डालने की सोच रही है।

कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राजधानी लखनऊ से लेकर पूरे प्रदेश में हत्या, महिला अपराध और साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध के मामलों में प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है।

'भ्रष्टाचार और लूट के टूटे सारे रिकॉर्ड'

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी चरम पर है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के बजट में बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं और सरकारी परियोजनाओं में गुणवत्ता की भारी कमी दिखाई दे रही है।

एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी सरकार में बना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे आज भी अपनी गुणवत्ता के लिए मिसाल है। उन्होंने दावा किया कि इस एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमान तक उतारे गए थे और इसकी गुणवत्ता आज भी बरकरार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बने कई एक्सप्रेस-वे खराब निर्माण और तकनीकी कमियों के कारण चर्चा में रहे हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।

'नौजवान नौकरी का इंतजार कर रहा है'

रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि युवा वर्ग नौकरी और रोजगार के लिए भटक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर युवाओं को अवसर नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोले जाएंगे।

अंसल सिटी और सरकारी संपत्तियों का मुद्दा उठाया

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कमीशनखोरी के चलते समाजवादी सरकार के समय की परियोजनाओं और भवनों को बेच रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार की नजर नेताजी के ड्रीम प्रोजेक्ट अंसल सिटी पर भी है और वहां घोटाला चल रहा है।

200 करोड़ पेड़ों के दावे पर सवाल

अखिलेश यादव ने राज्य सरकार के 200 करोड़ पेड़ लगाने के दावे को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार का दावा सही है तो यह बताया जाना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ किस भूमि पर लगाए गए हैं।

2027 में बदलाव का दावा

सपा प्रमुख ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।


#PracharNews #PracharDotNews #IPN #IPNNews #IPNLive #UPPolitics #AkhileshYadav #SamajwadiParty #BJP #UPI #YogiGovernment #Lucknow #PoliticalNews #BreakingNews #UttarPradeshNews #HindiNews #PoliticalUpdate #PressConference #IPNHindi

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.