गठबंधन से भाजपा में बौखलाहट, नकली पोस्टर लगाकर कर रही साजिश : अखिलेश यादव
BJP is upset with the alliance, conspiring by putting up fake posters: Akhilesh Yadav
IPN Live
Lucknow, 26 Oct, 2026 04:43 AMबिना शुल्क पोस्टर लगाने पर अधिकारियों को घेरा, बोले- पीडीए सरकार आने पर खुलेगा भ्रष्टाचार का कच्चा-चिट्ठा
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन से भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा इतनी डरी हुई है कि अब नकली पोस्टर लगवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बिना शुल्क जमा किए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। यह या तो भ्रष्टाचार का मामला है या फिर शासन के दबाव में ऐसा किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के नगर निकायों के उच्चाधिकारियों को ऐसी घटनाओं के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। बिना निर्धारित शुल्क दिए पोस्टर लगाए जाने से स्थानीय निकायों के राजस्व को नुकसान पहुंचता है। यदि शुल्क का आधिकारिक भुगतान किया जाए तो उसकी रसीद कटेगी और पोस्टर लगवाने वालों की पहचान सामने आ सकती है। उन्होंने कहा कि राजस्व की हानि की भरपाई संबंधित अधिकारियों से कराई जानी चाहिए और मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
तारीखवार रिकॉर्ड रख रही सपा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसी घटनाओं का तारीखवार रिकॉर्ड रखा जा रहा है। यह भी दर्ज किया जा रहा है कि संबंधित समय पर कौन अधिकारी जिम्मेदार पद पर तैनात था। उन्होंने कहा कि पीडीए सरकार बनने पर इन कथित भ्रष्ट अधिकारियों का पूरा कच्चा-चिट्ठा सामने लाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) सहित संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों का पूरा हिसाब-किताब किया जाएगा।
#AkhileshYadav #SamajwadiParty #PDA #BJP #UPPolitics #उत्तरप्रदेश #राजनीति #लखनऊ #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.