विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का माइक्रो मैनेजमेंट तेज, 24 प्रकोष्ठ संकुलों को समाज के हर वर्ग में पैठ बनाने की जिम्मेदारी
BJP intensifies micromanagement ahead of assembly elections, assigns 24 cell clusters to penetrate every segment of society
IPN Live
Lucknow, 3 Nov, 2026 09:34 AMवीडी शर्मा ने विपक्ष के नैरेटिव का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं को किया तैयार, धर्मपाल सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से लेकर चुनावी मोर्चे तक सक्रियता बढ़ाने का दिया मंत्र
लखनऊ, 02 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रकोष्ठ संकुल की प्रदेश बैठक में 24 प्रकोष्ठ संकुलों के पदाधिकारियों को व्यापक संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, युवाओं, मजदूरों और अन्य सामाजिक वर्गों के बीच संपर्क-संवाद बढ़ाकर उन्हें संगठन से जोड़ना है।
भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा ने कहा कि 18 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। अब प्रकोष्ठ संकुलों की जिम्मेदारी सर्वव्यापी भाजपा को सर्वस्पर्शी भाजपा बनाने की है। उन्होंने कहा कि संगठन की पहुंच समाज के प्रत्येक वर्ग तक होनी चाहिए। इसके लिए प्रकोष्ठों को केवल औपचारिक संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक वर्गों के बीच सक्रिय संपर्क और संवाद स्थापित करना होगा।
वीडी शर्मा ने विशेष रूप से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ऐतिहासिक निर्णयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, दुग्ध उत्पादकों, नगर निकाय एवं पंचायत प्रतिनिधियों, खेल जगत से जुड़े युवाओं, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, वरिष्ठ नागरिकों और सहकारिता क्षेत्र के लोगों के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ानी होगी।
बैठक में विपक्ष के राजनीतिक विमर्श का जवाब देने की रणनीति भी सामने आई। वीडी शर्मा ने कहा कि एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब देने में सक्षम सामाजिक वर्ग तैयार करना होगा। इसके जरिए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी का पक्ष पहुंचाने और जनसमर्थन हासिल करने का प्रयास किया जाए।
धर्मपाल सिंह ने चुनावी जिम्मेदारी का कराया अहसास
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें प्रदेश के व्यापक क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच काम करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सभी पदाधिकारियों को प्रकोष्ठ संयोजक की भूमिका के साथ भाजपा कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय रहना होगा।
उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण को भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि युवाओं, महिलाओं और अन्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सक्रियता से काम किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि संपर्क, संवाद और समन्वय के जरिए शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, प्रोफेशनल्स, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों को संगठित कर पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने पदाधिकारियों से परिश्रम, समर्पण और पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक दायित्व निभाने का आह्वान करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में सहभागी बनने की अपेक्षा की।
बैठक में प्रदेश प्रकोष्ठ संकुल समन्वयक ओम प्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश सहसमन्वयक संतराम यादव एवं मिथिलेश त्रिपाठी सहित प्रदेश के सभी 24 प्रकोष्ठ संकुलों के संयोजक, सहसंयोजक और सदस्य मौजूद रहे।
#BJP #BJPUP #VDSharma #DharmPalSingh #YogiAdityanath #NarendraModi #UPPolitics #UPAssemblyElection2027 #UttarPradeshPolitics #UPElection #BJPMeeting #PoliticalStrategy #SIR #VoterList #संगठन #LucknowNews #PoliticalNews #ElectionPreparation #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.