2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक माइक्रोमैनेजमेंट पर जोर

BJP gears up for 2027 elections, focusing on micromanagement from booth to assembly level

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 1 Nov, 2026 12:03 AM
2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक माइक्रोमैनेजमेंट पर जोर

विनोद तावड़े बोले- 2017 से बेहतर परिणाम के लिए समय से पहले पूरी करें चुनावी तैयारी, पंकज चौधरी ने कहा- बूथ और मतदाता ही जीत का सबसे अचूक मंत्र

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित चुनाव कार्ययोजना बैठक में बूथ से लेकर विधानसभा और जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, मतदाता सूची के सत्यापन, घर-घर जनसंपर्क और चुनावी माइक्रोमैनेजमेंट की विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव माइक्रोमैनेजमेंट का चुनाव है। प्रत्येक कार्ययोजना पर बारीकी से काम करना होगा। समय से या समय से पहले तैयारी पूरी करके भाजपा 2017 से बेहतर परिणाम हासिल कर सकती है।

बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा और डॉ. प्रदीप वर्मा सहित प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुष्पार्चन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। संचालन प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने किया।

विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारियों की होगी नियुक्ति

विनोद तावड़े ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति शीघ्र पूरी करने तथा जिला एवं विधानसभा स्तर पर चुनाव व्यवस्था समितियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर प्रवासी के रूप में काम करेंगे। सभी जिला प्रभारी विधानसभा स्तर पर अपना प्रवास पूरा करें और विधानसभा प्रभारी शक्ति केंद्रों पर प्रवास सुनिश्चित करें।

उन्होंने विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों को मंडल स्तर पर सक्रिय सदस्यों की बैठकें शीघ्र शुरू करने को कहा। घर-घर संपर्क अभियान के तहत प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। महिला, युवा, नवमतदाता, किसान, लाभार्थी, छोटे व्यापारी, प्रबुद्ध वर्ग, पूर्व सैनिकों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से संपर्क के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला स्तर पर समन्वय टोली का भी गठन होगा।

तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना है। इसके साथ ही देश और प्रदेश में लिए गए कड़े निर्णयों, विकास, सुरक्षा तथा आर्थिक एवं सामरिक उन्नति के विषयों को भी जनता के बीच ले जाना है।

तीन नवंबर से छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल देश और पीढ़ियों को जोड़ना जानते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत, श्रेष्ठ भारत का उनका सपना साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आगामी चुनाव की तैयारियों का खाका धरातल पर उतारने का संकल्प लिया गया है। अब पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी मोड में उतरने का समय आ गया है। तीन नवंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत विशाल पदयात्राएं निकाली जाएंगी।

चौधरी ने कहा कि संगठनात्मक कार्ययोजना को गति देने के लिए पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक रात्रि प्रवास करें। क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष मोर्चों की गतिविधियों को प्रभावी बनाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का सबसे अचूक मंत्र बूथ और बूथ के मतदाता हैं। इसलिए मतदाता सूची सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।

उन्होंने प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में प्रवास के लिए मजबूत कार्यकर्ता टीम तैयार करने, सामाजिक समरसता कार्यक्रम, चौपाल और जनसंवाद आयोजित करने तथा ग्रामसभा स्तर पर विशेष संवाद सत्र चलाने पर जोर दिया। लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत लाभार्थियों से निरंतर संपर्क स्थापित कर उन्हें पार्टी से वैचारिक रूप से जोड़ने की बात भी कही।

पदयात्राओं में 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव संचालन समितियों का गठन किया जाना है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत क्षेत्रीय स्तर पर निकलने वाली पदयात्राएं संगठन का बड़ा कार्यक्रम होंगी। प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद पार्टी मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटेगी। युवाओं के फार्म-6 भरवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सक्रिय सदस्यों की बैठकें शुरू कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियों से जोड़ा जाएगा। मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ विधानसभा स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि पूर्व ब्लाक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों और पूर्व पार्षदों सहित सभी पूर्व जनप्रतिनिधियों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए जिलाध्यक्ष शीघ्र सूची तैयार करें।

उन्होंने युवा, महिला, बुद्धिजीवी, श्रमिक, व्यापारी वर्ग, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, चाय-पान, किराना और सब्जी कारोबारियों सहित सूक्ष्म कारोबारियों से संपर्क एवं संवाद स्थापित करने के लिए सभी वर्गों को सूचीबद्ध करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना, अधिकतम मतदाताओं से संपर्क स्थापित करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपना आगामी चुनाव की तैयारियों का प्रमुख लक्ष्य है।

#BJP #UttarPradesh #UPPolitics #UPElection2027 #VinodTawde #PankajChaudhary #DharmPalSingh #BJPMeeting #ElectionPreparation #BoothManagement #VoterRevision #Lucknow #भाजपा #उत्तरप्रदेश #विधानसभा_चुनाव #चुनावी_तैयारी #बूथ_मैनेजमेंट #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.