मिशन-2027 के लिए भाजपा ने मथुरा से फूंका चुनावी बिगुल, नितिन नवीन ने दिया जीत का मंत्र; बूथ से लेकर जनसंपर्क तक संगठन को धार देने की रणनीति
BJP blows election bugle for Mission 2027 in Mathura, Nitin Naveen offers victory mantra; strategy to sharpen organization from booth level to public relations
IPN Live
Lucknow, 18 Nov, 2026 08:51 AMतीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने कसी कमर, अगले तीन महीनों की कार्ययोजना पर हुआ मंथन
योगी, पंकज चौधरी और केशव-ब्रजेश की मौजूदगी में बनी चुनावी रणनीति, विपक्षी दलों को घेरने के साथ जनता तक पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां
मथुरा, 17 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। भाजपा ने लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ अपने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दो दिवसीय योजना बैठक के दूसरे दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मिशन-2027 की तैयारियों को लेकर नेताओं और पदाधिकारियों को जीत का मंत्र दिया। बैठक का संदेश साफ रहा कि भाजपा की चुनावी रणनीति का केंद्र बूथ स्तर पर मजबूत संगठन, व्यापक जनसंपर्क और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय हासिल करने का भरोसा जताते हुए संगठन को पूरी ताकत से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने अगले तीन महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बूथ की मजबूती को बनाया जीत का आधार
नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने विकास को घर-घर तक पहुंचाया है। भाजपा अपने समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं की ताकत पर तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी ने बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत 'राधे-राधे, कमल खिला दे' के संकल्प के साथ होने की बात कही। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी भी विपक्षी दल को सफलता मिलने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चिह्नित महिला, गरीब, युवा और किसान इन चार प्रमुख वर्गों के सशक्तिकरण एवं कल्याण को केंद्र में रखकर केंद्र और प्रदेश सरकार ने अनेक योजनाएं संचालित की हैं। पार्टी इन्हीं योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ चुनावी मंथन
दो दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तर प्रदेश में यह पांचवां प्रवास भी रहा। इससे पहले वह पश्चिम, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं।
मथुरा की इस बैठक से भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि 2027 का चुनाव केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन की ताकत, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और विपक्ष के मुकाबले की रणनीति भी पार्टी के चुनावी अभियान का अहम हिस्सा होगी।
#Mission2027 #UPPolitics #BJP #NitinNabin #YogiAdityanath #PankajChaudhary #KeshavPrasadMaurya #BJPUP #UPElections2027 #SamajwadiParty #Congress #PoliticalNews #Lucknow #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.