UP के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर कल आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
BJP National President Nitin Naveen will arrive tomorrow on a two-day organizational tour of UP.
IPN Live
Lucknow, 3 Jul, 2026 08:59 PMलखनऊ (IPN)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एनडीए नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर संगठन को लेकर मंथन करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां उनका कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए रोड शो निकलेगा। मार्ग में कई स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा।
भाजपा मुख्यालय पहुंचने के बाद वे प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। शाम 4 बजे वे हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी होगी।
शाम 7:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात्रि भोज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ होगा।
रविवार को वे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। सुबह 9:30 बजे एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक होगी, जबकि 10:30 बजे दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग चर्चा करेंगे।
दोपहर 2:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वे लखनऊ के पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाकर बूथ स्तर की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।
भाजपा की नई प्रदेश टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No Previous Comments found.