UP में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, आठ राज्यों की 403 महिला विस्तारक बहनों को सौंपी जिम्मेदारी
BJP Mahila Morcha gears up for 2027 UP Assembly elections, assigns responsibility to 403 women extension workers from eight states
IPN Live
Lucknow, 21 Nov, 2026 12:56 AMयूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर घर-घर पहुंचेंगी महिला विस्तारक, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रचार के साथ मातृशक्ति से करेंगी सीधा संवाद
लखनऊ, 20 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक शुक्रवार को लखनऊ स्थित विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में संपन्न हुई। बैठक में आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारक बहनों ने सहभागिता की। इन महिला विस्तारकों को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर घर-घर पहुंचने, आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने तथा भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला विस्तारक बहनों के साथ संवाद किया।
बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से आईं महिला विस्तारकों को आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को मातृशक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सावित्री देवी को दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और महिला विस्तारक बहनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारकों को मिलेगा जनसंपर्क का दायित्व
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक बहनों को प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है। बहनों को घर-घर पहुंचकर आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर तक भाजपा की पहुंच और प्रभाव को मजबूत बनाना है।
महिला शक्ति की भूमिका होगी महत्वपूर्ण : पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
भाजपा की स्टार प्रचारक हैं बहनें : केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। मातृशक्ति के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें भाजपा की विचारधारा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है।
भयमुक्त उत्तर प्रदेश का संदेश लेकर महिलाओं के बीच जाएं : ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और मां, बहनें तथा बेटियां सुरक्षित हैं। महिला विस्तारक बहनों को यही संदेश लेकर मातृशक्ति के बीच जाना है और सरकार की उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराना है।
हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनेंगी विस्तारक बहनें
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारक बहनें अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचें।
प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ तैयार है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय का मजबूत आधार बनेगा।
#BJP #BJPMahilaMorcha #UPPolitics #UPElection2027 #YogiAdityanath #VinodTawde #PankajChaudhary #KeshavPrasadMaurya #BrajeshPathak #DharmapalSingh #WomenEmpowerment #Mission2027 #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.