अखिलेश ने कहा : अगला विधानसभा चुनाव योगी बनाम प्रतियोगी होगा
Akhilesh said: The next assembly election will be Yogi versus his competitors
IPN Live
Lucknow, 9 May, 2025 12:55 AMलखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि अगला विधानसभा चुनाव योगी बनाम प्रतियोगी होगा। भाजपा सरकार में किसी की सुनवाई नहीं। विकास की जगह विनाश हो रहा है। निजीकरण के बहाने पढ़ाई, रोजगार से पीडीए को दूर किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के युवा पार्टी के कार्यक्रम और संदेश को गांव-गांव, घर-घर पहुंचाएंगे और पीडीए की ताकत से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
श्री यादव गुरूवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि धिक्कार है सरकार को जो हर चीज का निजीकरण कर रही है। शिक्षा महंगी है। उसमें भी सरकारी हस्तक्षेप है। सम्मान जनक रोजगार भी नहीं मिल रहा है। नौजवान डिलीवरी ब्वॉय बन रहे हैं। न रोजगार है न पूंजी निवेश हो रहा है। संगठित भ्रष्टाचार बेलगाम है। इस कारण ही महंगाई है। नौकरी आरक्षण भाजपा के एजेंडा में नहीं है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अनुपयोगी और अयोग्य है। साइबर फ्रॉड और क्राइम में यूपी नम्बर वन बन रहा है। सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। साइबर क्राइम से कोई बच नहीं पा रहा है। रोज सड़क दुर्घटनाओं में लोग मर रहे हैं। पूरे प्रदेश में अस्पतालों में बदहाली है। न दवा इलाज है न डॉक्टर है। मुख्यमंत्री के गोरखपुर क्षेत्र के लोग इलाज कराने लखनऊ के कैंसर इंस्टीट्यूट में आ रहे है। तो समझ लें मुख्यमंत्री के क्षेत्र का क्या हाल होगा। समाजवादी सरकार में राजधानी का कैंसर इंस्टीट्यूट बना था।
आतंकवाद जड़ से खत्म होना चाहिए
अखिलेश ने कहा कि आतंकवाद जड़ से खत्म होना चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी सरकार के साथ है। आतंकवाद खत्म हो, सीमा सुरक्षित हो और हमारी फौज का मनोबल बढ़े। हमारी फौज बहुत मजबूत है। वह बड़ी कठिन परिस्थितियों में भी काम करती है। हमें फौज का साथ देना चाहिए। युद्ध को राजनीतिक इवेंट नहीं बनाना चाहिए।
श्री यादव ने कहा नौजवानों को अनुशासन के साथ अपना व्यवहार भाषा, व्यवहार उचित होना चाहिए। एक दूसरे का सम्मान करना सीखना चाहिए। जो शिक्षा में गुणवत्ता और बदलाव चाहते है। वे सभी मिलकर सरकार हटाएंगे।
इस अवसर पर किरणमय नंदा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, श्याम लाल पाल प्रदेश अध्यक्ष, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, रविदास मेहरोत्रा विधायक, अभिषेक मिश्र पूर्व मंत्री, पवन पाण्डेय पूर्व मंत्री, सुनील साजन पूर्व एमएलसी, उदयवीर सिंह पूर्व एमएलसी, पूजा शुक्ला, डॉ0 राजवर्धन, पासी जयवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.