AKHILESH बोले : अल्पसंख्यकों की जिंदगी, रोजगार और उनकी अस्मिता पर भाजपा सरकार की निगाहें टेढ़ी

Akhilesh said: BJP government has a crooked eye on the lives, employment and identity of minorities

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Jun, 2025 02:43 AM
AKHILESH बोले : अल्पसंख्यकों की जिंदगी, रोजगार और उनकी अस्मिता पर भाजपा सरकार की निगाहें टेढ़ी

लखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का बनाया संविधान आज खतरे में है। भाजपा नफरत फैलाती है और समाजवादी सरकार के विकास कार्यों के विरुद्ध साजिश करती है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। अल्पसंख्यकों की जिंदगी, रोजगार और उनकी अस्मिता पर भाजपा सरकार की निगाहें टेढ़ी हैं। समाजवादी सावधान रहें, कोई धोखा न हो।

     अखिलेश आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को हटाने के लिए अभी से गांव-गांव, शहर-शहर हर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना है।

    श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में हुए विकास कार्यों को भाजपा ने बर्बाद कर दिया है। भाजपा का एजेंडा विकास नहीं विनाश है। समाजवादी पार्टी की रणनीति के सामने अब भाजपा टिक नहीं सकती है। भाजपा, समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यो का मुकाबला नहीं कर सकती है। समाजवादी सरकार में ही लोगों को इंसाफ और सम्मान मिला है। भाजपा सबको धोखा दे रही है। होशियारी और साजिश करने में माहिर भाजपा निर्दोषों लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर परेशान कर रही है।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में न्याय नहीं मिल रहा है। भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। भाजपा का रिकॉर्ड भ्रष्ट सरकार का है। महंगाई, आसमान छू रही है। सोना महंगा होता जा रहा है। ऐसा क्यों है? भाजपाई जमीनों पर कब्जा कर रहे है। उन्होंने कहा कि छात्र, नौजवान, बेरोजगार सभी परेशान है। भाजपा का सामाजिक और राजनीतिक आचरण तानाशाही पूर्ण हैं। वह मनमानी करने पर तुली हुई है। भाजपा चुनाव में धांधली करके जीतती है। फर्जी मतदान कराती है।

    श्री यादव ने कहा कि सभी नेता, कार्यकर्ता और आमजन अपने-अपने बूथ पर वोट की जांच कर ले, कहीं किसी का वोट कटा तो नहीं है। कहीं कोई फर्जी वोट तो नहीं है। दिन-रात लगकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जनमत तैयार करने का काम करें। इस बार कोई भी अधिकारी कर्मचारी गलत करेगा तो उस पर कार्रवाई होगी। इस बार कोई बचेगा नहीं।

    श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की लड़ाई बड़ी है। उत्तर प्रदेश ही देश की राजनीति की दिशा और दशा तय करता है। 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए हम सभी दृढ़ संकल्पित है। समाजवादी सरकार बनने पर सभी का सम्मान होगा।

     समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की बैठक में संकल्प लिया गया-सामाजिक न्याय के राज की स्थापना, संविधान और आरक्षण की रक्षा, जातीय जनगणना करवाकर जनसंख्या के अनुपात में सबको उनका हक़ दिलवाना, हर एक पीड़ित, उत्पीड़ित, शोषित, वंचित, दमित, गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, असुरक्षित महिला व उपेक्षित युवा के रूप में पीड़ा के एकसूत्र में बंधे हुए संपूर्ण पीडीए समाज को समान अवसर और सम्मान दिलवाना, पीडीए समाज के बीच संपर्क, संवाद, सहायता के ज़रिये और अधिक सौहार्दपूर्ण संबंध विकसित करके, स्वाभिमान और स्वमान की नयी सामाजिक चेतना लाना सहित सामाजिक न्याय के राज के संदेश दूत बनकर अपने-अपने गांव-गली, मोहल्लों के हर घर तक जाएंगे और लोगों को जोड़कर समझाएंगे, हम सब मिलकर सामाजिक न्याय का राज लाएंगे और अपना भविष्य खुद बनाएंगे।

    समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादिरी, प्रांतीय अध्यक्ष शकील नदवी, राष्ट्रीय सचिव समाजवादी पार्टी राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री तथा अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.