काशी से अखिलेश की हुंकार, भाजपा पर वार- ‘वोट चोरी से सत्ता चला रही सरकार, 2027 में जनता करेगी हिसाब’

Akhilesh roars from Kashi, attacks BJP - 'Government running by vote theft, people will take account in 2027'

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 4 Nov, 2026 12:30 AM
काशी से अखिलेश की हुंकार, भाजपा पर वार- ‘वोट चोरी से सत्ता चला रही सरकार, 2027 में जनता करेगी हिसाब’

काशी से 2027 का सियासी शंखनाद: बोले अखिलेश- भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा, जनता विधानसभा चुनाव में देगी जवाब

वोटर लिस्ट में धांधली, बुलडोजर कार्रवाई, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा; बोले- काशी की विरासत और गंगा तक को नहीं छोड़ा

वाराणसी, 3 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 की सियासी बिसात बिछने के साथ भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मंगलवार को वाराणसी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर चौतरफा हमला बोलते हुए उसे अराजकता, वोट चोरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था से खिलवाड़ का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही अराजकता है। वोट चोरी और चुनाव में धांधली करके लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र के लिए संकट है। उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को हटाकर इस संकट का जवाब देगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वोटर लिस्ट में धांधली, चोरी और बेईमानी करके लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर रही है। चुनाव की व्यवस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है और जनता को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी और अराजकता के सहारे चुनाव जीतती है।

बुलडोजर कार्रवाई पर दोहरे मापदंड का आरोप

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के स्वजातीय लोगों पर पीडीए समाज के साथ अन्याय और अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं होती, जबकि भाजपा सरकार का बुलडोजर गरीबों, पीड़ितों और व्यापारियों पर चलता है। उन्होंने सरकार की कार्रवाई को लेकर दोहरे मापदंड का सवाल उठाया।

काशी की सियासत से 2027 का संदेश देने की कोशिश

वाराणसी में विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सपा प्रत्याशियों लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा की जीत का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ ने समाजवादी पार्टी को दोहरा आशीर्वाद दिया है। डबल इंजन का दावा करने वालों को वाराणसी में दोहरी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हार स्वीकार नहीं की और दोबारा मतगणना कराने के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दस वर्षों में वाराणसी की जनता को ठगने का काम किया है। मां गंगा की सफाई के लिए आए धन में लूट और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई नहीं हुई। नाविकों, बुनकरों और स्थानीय व्यापारियों को भी धोखा दिया गया। बनारस को बाहरी ठेकेदारों के हाथों गिरवी रख दिया गया है।

उन्होंने दालमंडी में व्यापारियों की दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई और मणिकर्णिका घाट की ऐतिहासिक पहचान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। कहा कि पूज्य लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियां तोड़ी गईं और पाल समाज के लोगों पर लाठियां बरसाई गईं। काशी की संस्कृति, शिल्पकला और हस्तकला को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

काशी में मेट्रो और वरुणा नदी की सफाई का वादा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की यातायात व्यवस्था तक नहीं सुधार पाई। शहर में लगातार जाम लग रहा है और मेट्रो रेल का सपना पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो रेल चलाई जाएगी और वरुणा नदी को साफ कराया जाएगा।

उन्होंने कहा, "भाजपा सत्ता से हटेगी तो बनारस मुस्कुराएगा। भाजपा जाएगी तो किसान और युवा मुस्कुराएंगे।"

सनातन और भगवान श्रीकृष्ण के अपमान का मुद्दा भी उठाया

अखिलेश यादव ने कथित विवादित धार्मिक बयानों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खुद को सनातनी बताने वाले कुछ लोग सनातन धर्म और भगवान श्रीकृष्ण का अपमान कर रहे हैं। पहले भगवान श्रीकृष्ण और अब भगवान श्रीराम के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी की गई। इससे देश-दुनिया के सनातनी आहत हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि भगवान श्रीकृष्ण के अपमान पर खुद को सनातनी कहने वाले लोग चुप क्यों हैं और सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कार्यक्रमों को रद्द करने की मांग भी की।

पेपर लीक, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, आरक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग में नवजात शिशु को कुत्ते द्वारा नोचे जाने की घटना का उल्लेख करते हुए इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का उदाहरण बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार हत्याएं हो रही हैं, पुलिस हिरासत में मौतें हो रही हैं और महिलाएं-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। पीजीआई की भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि अब तक 20 से अधिक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 151 से अधिक मूर्तियां तोड़ी गईं, लेकिन सरकार ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीडीए समाज के महापुरुषों के अपमान और आरक्षण में कथित लूट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता इन घटनाओं को भूलेगी नहीं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #BJP #UPPolitics #UttarPradeshPolitics #UPElection2027 #Varanasi #Kashi #BJPvsSP #VoteChori #Loktantra #Constitution #PDA #Ganga #PaperLeak #BulldozerPolitics #UPNews #LucknowNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.