अखिलेश का भाजपा पर बड़ा हमला: वोट चोरी से लेकर भ्रष्टाचार तक घेरा, बोले- 2027 में भाजपा का होगा सफाया

Akhilesh launches a major attack on the BJP: From vote theft to corruption, he said, "BJP will be wiped out in 2027."

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 27 Sep, 2026 08:35 PM
अखिलेश का भाजपा पर बड़ा हमला: वोट चोरी से लेकर भ्रष्टाचार तक घेरा, बोले- 2027 में भाजपा का होगा सफाया

लखनऊ, 27 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और भाजपा "वोट चोरी" तथा "चुनावी घोटाले" में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि भाजपा चुनाव आयोग का लगातार बचाव कर रही है।

रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में गड़बड़ी कर सकते हैं, उनसे लोकतंत्र की रक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से अपनी विश्वसनीयता बचाने की अपील करते हुए कहा कि आयोग को किसी के दबाव या इशारे पर काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने वोट कटने, मतदाताओं को मतदान से रोकने और चुनावी अनियमितताओं को लेकर कई शिकायतें कीं, लेकिन आयोग ने किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा कि रामपुर चुनाव से लेकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न उपचुनावों तक बड़े पैमाने पर चुनावी बेईमानी हुई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

'2017 से शुरू हुआ खेल, 2022 में खुलकर दिखा'

सपा प्रमुख ने दावा किया कि चुनावों में वोट चोरी का खेल लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उनकी पार्टी इसे समझ नहीं पाई, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट काटे गए।

अखिलेश यादव ने कहा कि अब वोट चोरी और चुनावी घोटालों की खबरें प्रमुखता से सामने आने लगी हैं, जिससे जनता भी सच्चाई समझ रही है। उन्होंने नोएडा में बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाए जाने का भी आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव की मांग

अखिलेश यादव ने कहा कि वोट चोरी और चुनावी धांधली से जुड़ी लगातार आ रही खबरों को देखते हुए न्यायपालिका को पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव कराने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी अनियमितताओं पर सवाल उठाने वाले कई लोग स्वयं चुनाव आयोग में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं और अपने अनुभव के आधार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

'2024 में हराया, 2027 में सफाया करेंगे'

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराया और अब 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदेश से सफाया कर देगी।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार नए वोट जोड़ेगी और भाजपा के फर्जी वोटों को कम करने का काम करेगी। अखिलेश ने भाजपा को पूंजीपतियों और धन्नासेठों की पार्टी बताते हुए कहा कि यह सरकार किसान, नौजवान और गरीब विरोधी नीतियों पर काम कर रही है।

भ्रष्टाचार और विकास मॉडल पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश शहर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं और यह सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने गांव, शहर और नगर को नहीं संभाल सकता, वह पूरे प्रदेश का विकास कैसे करेगा। सपा प्रमुख ने सैफई मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को वहां के विकास कार्यों से सीख लेनी चाहिए।

'गोरखपुर में मेट्रो नहीं, नाव चल रही है'

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जिस गोरखपुर में मेट्रो चलाने के दावे किए गए थे, वहां आज नाव चलाने की नौबत आ गई है। उन्होंने प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याएं खत्म नहीं हुईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा गोद लिए गए गांव भी विकास और सुविधाओं के अभाव में उपेक्षित पड़े हैं।

2027 की सियासी लड़ाई का फूंका बिगुल

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव ने अपनी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चुनाव आयोग की भूमिका, वोटर लिस्ट, भ्रष्टाचार, महंगाई, किसानों और शहरी अव्यवस्थाओं जैसे मुद्दों को एक साथ उठाकर भाजपा के खिलाफ व्यापक राजनीतिक मोर्चाबंदी का संकेत दिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा नेतृत्व ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए भाजपा को सीधे चुनौती देने की रणनीति साफ कर दी है।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #BJP #UttarPradesh #Politics #ElectionCommission #VoteChori #UPPolitics #PressConference #AkhileshAttack #2027Election #PoliticalNews #Lucknow #IPNNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.