AKHILESH का BJP पर हमला, बोले : भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर बजट का जमकर किया बंदरबांट
Akhilesh attacks BJP, says: BJP government has wasted the budget in the name of smart city
IPN Live
Lucknow, 3 Aug, 2025 08:50 PMलखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में लूट और भ्रष्टाचार चरम पर है। इस सरकार में हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी है। भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर बजट का जमकर बंदरबांट किया है। राजधानी लखनऊ समेत भाजपा सरकार द्वारा घोषित स्मार्ट शहरों का बुरा हाल है। जगह-जगह गड्ढे़ है। गड्ढ़ों में पानी और जलभराव से लोगों का जनजीवन खतरे में है। नालों में गिर कर लोगों की मौंते हो रही है। प्रयागराज में 20 हजार करोड़ खर्च करने के बाद प्रयागवासियों को जलभराव के सिवा और क्या मिला है? भ्रष्टाचार के गहरे गड्ढ़ों में भरा पानी भाजपाई घपलों-घोटालों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करता है।
अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि स्मार्ट सिटी की संकल्पना पर पानी फेरने वाले भाजपाई अपनी नाव लेकर कहां गायब हो गये है? प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की विस्फोटक स्थिति है। प्रयागराज से लेकर वाराणसी तक हजारों लोगों के घरों में पानी भरा है। बाढ़ से निपटने और बचाव तथा राहत के लिए सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं है। जनता बेहाल है। भाजपा सरकार के इंजन जनहित में कार्य करने के बजाय अपने-अपने स्वार्थ साधने में लगे है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के दर्जनों जिले प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, औरैया, वाराणसी, आगरा, इटावा, फतेहपुर, कानपुर देहात, बलिया नदियों का जलस्तर बढ़ने और बारिश से बाढ़ की चपेट में है। लाखों की आबादी प्रभावित है। किसानों की फसलें डूब कर नष्ट हो गयी। बाढ़ से आमजन, पशुधन प्रभावित है। सरकार की लापरवाही और अकर्मण्यता के कारण पीड़ितों को कोई मदद नहीं मिली। सरकार ने आम जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया है।

No Previous Comments found.