अखिलेश का भाजपा पर हमला : ‘भ्रष्टाचार से परेशान जनता इस बार इलाज करेगी, पीडीए की सरकार बनने जा रही है’
Akhilesh attacks BJP: 'People troubled by corruption will get a cure this time, PDA government is going to be formed'
IPN Live
Lucknow, 7 Sep, 2026 08:46 PMलखनऊ, 7 सितंबर (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और साम्प्रदायिक राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हाइवे और एक्सप्रेस-वे बनाने के नाम पर बजट की लूट हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार उजागर करने वालों और सच्चाई दिखाने वालों को धमका रही है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बनाए गए एक्सप्रेस-वे में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि 118 जगह सड़क टूट गई और गड्ढे हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क बनाने वाले को बोनस दिया गया और दूसरी जगह काम भी दे दिया गया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में 60 प्रतिशत कमीशन चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सच पर पाबंदी लगा रही है। सरकार का पैसा और संसाधन लगाकर कुछ लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं और एआई से वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे वीडियो बनाएंगे तो वीडियो इधर से भी बनेगा और उनके गाने से अच्छा गाना सपा के लोग देंगे।
एआई का प्रयोग गरीबों और किसानों के हित में हो
अखिलेश यादव ने कहा कि एआई का प्रयोग समाज में अच्छाई लाने के लिए होना चाहिए, नकारात्मक राजनीति के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि एआई का प्रयोग मेडिकल, कृषि और अन्य क्षेत्रों में होना चाहिए, जिससे गरीबों को समय पर इलाज मिल सके और किसानों को मौसम तथा फसलों की बीमारियों की सही जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों और गरीबों को बीमारियों तथा अन्य आपदाओं की पहले जानकारी मिल जाए, तो किसान अपनी फसल को बचा पाएगा। “खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा,”
भाजपा पर साम्प्रदायिक माहौल बनाने का आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सोची-समझी रणनीति और साजिश के तहत अधिकारियों के माध्यम से प्रदेश को साम्प्रदायिक रास्ते पर ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिल सकता था, तो मस्जिद क्यों गिरा दी गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में फेल हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। निवेश नहीं आ रहा है और नौकरियां नहीं हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार सरकारी इमारतों और संसाधनों को बेचने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि यह सरकार या तो कंगाल हो चुकी है या अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए सब बेच रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में साम्प्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जिसे हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा। सपा भाईचारा बढ़ाने और सभी धर्मों को सम्मान देने का काम करेगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार खुद मिलावट करा रही है। पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट, महंगाई और दवाइयों में घोटाले का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है और एम्बुलेंस नहीं आती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बर्बाद कर दी है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सपा के नेता और कार्यकर्ता बंद स्कूलों पर पहुंचे तो सरकार ने पुलिस को आगे कर दिया।
सहारनपुर जा रहे सपा नेताओं को रोके जाने पर सवाल
सहारनपुर जा रहे सपा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, सांसदों और विधायकों को उनके घरों पर रोके जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस चोर, डकैत और बदमाशों को नहीं पकड़ रही है, बल्कि राजनीतिक लोगों की घेराबंदी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर जा रहे समाजवादी पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों के घरों को पुलिस ने घेर रखा है।
‘पीडीए की सरकार बनने जा रही है’
पीडीए के संबंध में पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए प्रोग्रेसिव लोगों का एलायंस है। इसमें पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए एकजुट है और उसकी सरकार बनने जा रही है, इसीलिए भाजपा घबराई हुई है।
उन्होंने कहा कि जो लोग पीडीए को पराया धन बता रहे हैं, उनका वीडियो पार्टी के धन के साथ आया था।
बाढ़ और निर्माण कार्यों को लेकर सरकार पर हमला
प्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में बहुत समानता है, दोनों जगह नाव चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री ने वाराणसी की विरासत और पुरानी संस्कृति को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि वाराणसी में एक लाख करोड़ रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद हालात खराब हैं। गोरखपुर में निर्माण कार्य ढह रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में भी एक लाख करोड़ रुपये का बजट आया, लेकिन मोहल्लों में पानी भरा है। कानपुर में भी भारी बजट खर्च हुआ, फिर भी शहरों में पानी भर रहा है।
‘हम साधु-संतों का सम्मान करते हैं’
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का बहुत सम्मान करती है और हमेशा करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संकीर्ण विचारधारा के लोग विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने राजनीतिक प्रचार के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है और उसी जगह से विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार हो रहा है।
हैसटैग
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #IPN #IPNNews #IPNLive #AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #BJP #UttarPradesh #UPPolitics #PDA #Corruption #Expressway #KanpurLucknowExpressway #AI #ArtificialIntelligence #Flood #Varanasi #Gorakhpur #Prayagraj #PoliticalNews

No Previous Comments found.