Akhilesh ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, बोले : सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया

Akhilesh attacked the BJP government, said: The government has ruined health services

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 19 Jun, 2025 01:54 AM
Akhilesh ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, बोले : सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया
लखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। अस्पतालों में लापरवाही के कारण कई जगह मरीजों की मौतें हो चुकी है। मरीजों को सही से इलाज नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मानक के अनुरूप पर्याप्त प्रोफेसर, डॉक्टर, तकनीकी स्टाफ और आधारभूत ढांचा नहीं है। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस छात्रों की पढ़ाई के लिए पर्याप्त सुविधाएं और संसाधन नहीं है। मेडिकल कॉलेज के नाम पर इमारतें खड़ी है। सरकार मेडिकल कॉलेजों को सुचारू रूप से नही चला पा रही है।

     अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों और बड़े संस्थानों को उनकी जरूरत के अनुसार बजट नहीं देती। गरीब और आम जनता को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले मंत्री विभाग की व्यवस्था संभालने के बजाय समाज को लड़ाने में ज्यादा रूचि रखते है। अस्पतालों में दलालों का बोलबाला है। सामानों के खरीद में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी है। जिसका नतीजा कहीं आग लगने की घटनाएं होती हैं तो कहीं अन्य तरह की घटनाएं हो रही है।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग की हालत ऐसी कर दी है कि मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुद ही बीमार नज़र आते है। राजधानी लखनऊ में भाजपा सरकार की नाक के नीचे ही बड़े संस्थानों में लापरवाही चरम पर है। लोहिया संस्थान से बायोप्सी के 12 नमूने गायब हो गए। केजीएमयू ट्रामा सेंटर के सेटेलाइट ब्लड स्टोरेज यूनिट से खून गायब हो गया। लोहिया संस्थान में मरीजों को एंडोस्कोपी के लिए सवा साल बाद की तारीख मिल रही है। नगराम सीएचसी में अल्ट्रासाउंड जांच चार महीने से बंद पड़ी है। स्वास्थ्य मंत्री को बयानबाजी और थोथे दावे करने से फुर्सत नहीं, जमीनी हकीकत वे क्या समझेंगे।

    श्री यादव ने कहा कि हालत यह है कि मरीज सरकारी अस्पताल जाने से डरते है। मजबूरी में उन्हें निजी अस्पतालों का रूख करना पड़ता है। जहां उन्हें इलाज के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ती है। भाजपा सरकार साजिश के तहत सरकारी सेवाओं को खराब कर रही है।

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इसी तरह से भाजपा ने शिक्षा और बिजली व्यवस्था भी खराब कर दी है। सरकारी व्यवस्था को खराब कर भाजपा सरकार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है, जिससे आरक्षण अपने आप ही समाप्त होता जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को बेदखल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.