'एक व्यक्ति के कई-कई वोट', अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर साधा निशाना

Akhilesh Yadav targets Election Commission and BJP, says 'one person has many votes'

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Oct, 2026 12:48 AM
'एक व्यक्ति के कई-कई वोट', अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर साधा निशाना

लखनऊ, 19 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी वोटर लिस्ट में फर्जी नाम और एक ही व्यक्ति के कई-कई वोट दर्ज हैं, जिसे स्वयं चुनाव आयोग भी स्वीकार कर चुका है।

सोमवार को गोमती नगर स्थित पूर्व मंत्री श्रीमती विद्या चौधरी के आवास पर उनका हालचाल जानने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि आयोग इन त्रुटियों को "छोटी-मोटी गलती" बता रहा है, जबकि यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर एक व्यक्ति के दो, तीन, चार और यहां तक कि दस-दस वोट दर्ज पाए गए हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब भाजपा चुनाव में हार की स्थिति में पहुंचती है तो वह बेईमानी और धांधली का सहारा लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष और आम जनता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं तो भाजपा को इससे परेशानी क्यों होती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उपचुनावों में कथित वोट चोरी, धांधली और मतदाता सूची की गड़बड़ियों के संबंध में चुनाव आयोग को साक्ष्यों सहित शिकायतें सौंपी थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनावी धांधली के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे किसी राजनीतिक दल के प्रभाव में काम नहीं करना चाहिए। आयोग को निष्पक्ष ढंग से कार्य करने के साथ-साथ निष्पक्ष दिखाई भी देना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि आज देशभर में चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #ElectionCommission #VoterList #SIR #UPPolitics #Lucknow #PoliticalNews #IPNNews #UttarPradeshNews #ElectionNews #VoterListControversy #लोकतंत्र #मतदाता_सूची #अखिलेश_यादव #समाजवादी_पार्टी #चुनाव_आयोग #उत्तरप्रदेश_राजनीति

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.