अखिलेश यादव ने कहा : भाजपा सरकार महिला आरक्षण लागू नहीं करना चाहती
Akhilesh Yadav said: The BJP government does not want to implement women's reservation.
IPN Live
Lucknow, 29 Apr, 2026 07:17 PMलखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में पास होकर कानून बन गया है। सरकार चाहे तो अगले चुनाव में लागू कर सकती है लेकिन भाजपा सरकार महिला आरक्षण लागू नहीं करना चाहती है। विपक्ष के खिलाफ झूठा दुष्प्रचार कर रही है। भाजपा महिला विरोधी है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब है। महिलाओं बेटियों के साथ बहुत दुखद घटनाएं हो रही हैं। गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को बहुत सारी जानकारियां मिली है। गाजीपुर की पुलिस और दबंग लोग सच्चाई बाहर नहीं आने देना चाहते थे। पिछले नौ साल से सरकार, भाजपा और प्रशासन मिलकर घटनाओं को छिपा रही है। गाजीपुर में जिस बेटी के साथ घटना हुई, उसके पिता जी चाहते थे कि मेडिकल जांच हो लेकिन मेडिकल प्रक्रिया नहीं अपनायी गयी, पोस्टमार्टम करके दाह संस्कार करा दिया गया।
इसी तरह से हाथरस, मेरठ में घटना हुई, पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला। फतेहपुर में मौर्या बेटी के साथ घटना हुई लेकिन दोशियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इस सरकार में तमाम घटनाएं हो रही है। मुख्यमंत्री लम्बे-लम्बे भाशण देते है लेकिन कहीं भी पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। हरदोई में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को नहीं जाने दिया गया। भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। इस सरकार में महिलाएं, बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित है। महिलाएं और बेटियां भाजपा संगठन में भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा ही भाजपा की सगी नहीं है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार, लूट और दस साल के नकारात्मक कारनामों से जनता त्रस्त हो गयी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में जनता समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत से जिताने जा रही है। जनता समाजवादियों के पक्ष में है। प्रदेश में समाजवादियों के पक्ष में हवा चल रही है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था बनाने के लिए मजदूरों का सम्मान करना पड़ेगा। मजदूरों को हक अधिकार देना पड़ेगा। मजदूरों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। मजदूरों को बहुत लम्बे संघर्ष के बाद अधिकार मिले थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे भी कोविड के बहाने छीन लिए। सरकार मजदूरों को पड़ोसी राज्यों के बराबर वेतन क्यों नहीं दिला रही है? महंगाई बढ़ती जा रही है। मजदूर अपना जीवन यापन कैसे करेगा? मजदूर किराया, खाना, घर परिवार, इलाज अन्य खर्चे कैसे देखेगा। भाजपा सरकार उद्योगपतियों से मिलकर मजदूरों का शोषण कर रही है। प्रदेश का किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाएं सब जान गयीं है। भाजपा सरकार के दिन अब नहीं बचे है। बुरे दिन जाने वाले हैं। भाजपा के पास जनता का समर्थन नहीं बचा है। इनकी रैलियों में आने जाने वाली आम जनता नहीं है। बसों में सरकारी कर्मचारी लाये जाते हैं। डीएम और एसपी बसों को झंडी दिखा रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का नाम संविधान से लिया गया है। समाजवादी पार्टी सभी को जोड़ने का काम करती है। भेदभाव मिटाना चाहती है। मेल-मिलाप और गंगा-जमुनी तहजीब की बात करती है। समाजवादी पार्टी हिन्दुस्तानियत की बात करती है। हर जाति-धर्म, समाज को जोड़कर काम करती है। गंगा-एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर श्री यादव ने कहा कि समाजवादियों ने एक्सप्रेस-वे बनाना सिखाया है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे क्या होते हैं, कैसे बनाया जाता है। यह सबसे पहले समाजवादियों ने बनाकर दिखाया। भाजपा सरकार में आधे-अधूरे एक्सप्रेस-वे बनाये जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे सबसे बेहतरीन एक्सप्रेस-वे बना। यमुना एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन समाजवादी पार्टी की सरकार में हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की डिजायन समाजवादी सरकार में हुई। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे अपनों की कमाई के लिए बनाया गया है। उसके किनारे मंडियां नहीं है।
बंगाल चुनाव को लेकर श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दीदी ऐतिहासिक वोटों और सीटों से चुनाव जीतेंगी। बंगाल की जनता दीदी के पक्ष में बड़े पैमाने पर मतदान कर रही है। भाजपा लोकतंत्र को बर्बाद कर रही है। बंगाल में प्रशासन के बराबर में एक पूरा स्ट्रक्चर खड़ा कर दिया है। डीजीपी के बराबर डीजी बनाया है। हर जिले में कप्तान के बराबर में अधिकारी बना दिए है, जिन्हें बनाया गया है उन्हें भाजपा ने लाभ दिया है। कई अधिकारी ऐसे भेजे गये हैं जो जांचों में फंसे है। भाजपा ने रामपुर और संभल में जो किया उसी तरह बंगाल में करना चाहती है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस लिए सरकार ने बिजली का एक भी कारखाना नहीं लगाया। मीटर बदल-बदल कर जनता को लूट रही है। घाटमपुर में निवेली लिग्नाइट, पनकी में हरदुआगंज एटा में थर्मल प्लांट, अम्बेडकर नगर टांडा में एनटीपीसी विस्तार, प्रयागराज में एनटीपीसी, झांसी ललितपुर में बिजली के कारखाने समाजवादी पार्टी की सरकार में लगाये गये। भाजपा अपने लोगों को लाभ पहुचाने के लिए प्रीपेड मीटर लगाकर जनता को प्रीपेड पीड़ा दे रही है। जनता के गुस्सा, वोट और चुनाव के डर से भाजपा स्मार्ट मीटर वापस लेगी। भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। विधानसभा के चुनाव खत्म हो ही भाजपा फिर महंगाई बढ़ायेगी। महंगाई तभी कम होगी जब भाजपा सŸाा से हटेगी। 2017 के बाद केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने हर चीज महंगी कर दी है।
यूपी के आगामी विधानसभा के चुनाव को लेकर आ रहे सर्वे पर श्री यादव ने कहा कि हमें किसी सर्वे की जानकारी नहीं है। जब विधानसभा के प्रत्याशी ही नहीं घोषित हुए है तो कैसा सर्वे? अभी तो भाजपा तमाम विधायकों की टिकट काटेगी। अखबार वाले अपना अखबार चलाने के लिए समय-समय पर सर्वे करते है। लगता है जो सर्वे आ रहे है वे भी प्रीपेड मीटर की तरह है। भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था चौपट कर दी है। न जाने कितने प्राइमरी स्कूल बंद कर दिये है। 41 हजार प्राइमरी स्कूलों में कोई एडमिशन नहीं हुआ है। भाजपा सरकार ने प्राइमरी स्कूलों की हालत खराब कर दी।
स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा हो गयी है। गरीब को इलाज नहीं मिल रहा हैं समाजवादी सरकार में जांच-दवाएं फ्री मिलती थी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर फ्री इलाज दिलाएंगे। इस सरकार ने अपने लोगों को लाभ देकर पूरी अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। भाजपा सरकार में हर तरफ के फर्जी काम हो रहा है। गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है। मुख्यमंत्री जी ने सबसे ज्यादा अपने मुकदमें वापस लिए है।
उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर कैंसर के मरीज बढ़ रहे है। समाजवादी सरकार में कैंसर इंस्टीट्यूट बनाया। वहां जांच, रिसर्च होनी थी। भाजपा सरकार ने सब खराब कर दिया। वहां पर जिसे निदेशक बनाया है वह सिर्फ एक-दो घंटे जाते है बाकी दिन भर भाजपा का प्रचार करते हैं।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार के लिए बड़ी-बड़ी कम्पनियां हायर किया है। विपक्ष के खिलाफ ट्वीट करने के लिए पैसे दिए जाते है।

No Previous Comments found.