नोटबंदी के 10 साल पर अखिलेश का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- खजांची का जन्मदिन भाजपा को मनाना चाहिए
Akhilesh Yadav launches a scathing attack on the BJP on the 10th anniversary of demonetisation, saying the BJP should celebrate the treasurer's birthday.
IPN Live
Lucknow, 12 Nov, 2026 03:15 AMसपा मुख्यालय में खजांची का 10वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, अखिलेश ने नोटबंदी को बताया भ्रष्टाचार का महासागर और देश की अर्थव्यवस्था के लिए स्लो प्वाइजन
लखनऊ, 12 नवंबर 2026 (आईपीएन)। नोटबंदी के दस साल पूरे होने के मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में लगने के समय जन्मे खजांची का 10वां जन्मदिन समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने खजांची को उपहार देकर जन्मदिन की बधाई दी और नोटबंदी को भाजपा सरकार की सबसे बड़ी नाकामियों में से एक करार दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर साल खजांची का जन्मदिन मनाती है। खजांची का जन्म नोटबंदी के दौरान हुआ था। उसका जन्मदिन तो भाजपा को मनाना चाहिए और उसे गोद लेना चाहिए, लेकिन इस तरह नहीं जैसे भाजपा नेताओं ने गांवों को गोद लेकर अनाथ छोड़ दिया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा को नोटबंदी का एक दशक याद करना चाहिए। यह भाजपा की नाकामयाबी के दस साल हैं। नोटबंदी भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई। नकदी का चलन आज 70 प्रतिशत बढ़ चुका है। पूरी दुनिया में इतना बड़ा भ्रष्ट फैसला कहीं नहीं हुआ। नोटबंदी के समय सरकार ने जो लक्ष्य गिनाए थे, उनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ।
नोटबंदी को बताया अर्थव्यवस्था के लिए स्लो प्वाइजन
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नोटबंदी स्लो प्वाइजन की तरह थी। नोटबंदी के बहाने नोट बदलने का जो खेल हुआ, उसने पूरे बैंकिंग सिस्टम को भ्रष्ट कर दिया। भाजपा सरकार ने बैंकों को सूदखोरों से भी ज्यादा खतरनाक बना दिया है। लाखों लोगों के बैंक खातों से पेनाल्टी के नाम पर पैसे काटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी से किसान, व्यापारी, रेहड़ी-पटरी वाले, छोटे दुकानदार और कारखाने बुरी तरह प्रभावित हुए। कई कारखानों पर ताले लग गए और वे दोबारा उबर नहीं पाए। कई बैंक भी बंद हुए और उन्हें बेचना पड़ा।
2047 के विकसित भारत के दावे पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा के विकसित भारत के संकल्प पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग 2047 तक विकसित भारत बनाने का जुमला दे रहे हैं, उनके नोटबंदी के नकारात्मक फैसले ने देश को 1947 से भी पीछे कर दिया।
उन्होंने नोटबंदी को देश की अर्थव्यवस्था के लिए विनाशकारी फैसला बताते हुए कहा कि इसके दुष्परिणाम आज भी आम जनता को भुगतने पड़ रहे हैं।
खजांची के जन्मदिन में जुटे सपा के दिग्गज नेता
इस अवसर पर खजांची की मां, भाई और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अखिलेश यादव के साथ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उसे उपहार देकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक इंद्रजीत सरोज, सांसद आर.के. चौधरी, आनंद भदौरिया, लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद, पुष्पेंद्र सरोज, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक संदीप पटेल, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल और प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खजांची के दसवें जन्मदिन को राजनीतिक संदेश से जोड़ते हुए अखिलेश यादव ने एक बार फिर नोटबंदी के फैसले को भाजपा सरकार की विफलता का प्रतीक बताया। इस आयोजन के जरिए समाजवादी पार्टी ने नोटबंदी के मुद्दे को एक दशक बाद भी राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया।
#AkhileshYadav #Khajanchi #Demonetisation #Notebandi #BJP #SamajwadiParty #IndianEconomy #UPPolitics #PoliticalNews #अखिलेशयादव #नोटबंदी #खजांची #भाजपसरकार #समाजवादीपार्टी #उत्तरप्रदेशराजनीति #आईपीएन #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.