अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- विश्व का सबसे बड़ा दल नहीं, भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा दल-दल है भाजपा

Akhilesh Yadav launched a scathing attack on the BJP, saying the BJP is not the world's largest party, but the biggest quagmire of corruption.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 18 Nov, 2026 09:11 AM
अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- विश्व का सबसे बड़ा दल नहीं, भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा दल-दल है भाजपा

प्रयागराज में 80 हजार करोड़ खर्च के बावजूद व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, काशी से लेकर एक्सप्रेसवे तक भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के लगाए गंभीर आरोप

थाने-तहसील बने भ्रष्टाचार के अड्डे, भाजपा सांसद भी पुलिस व्यवस्था पर उठा रहे सवाल; बोले अखिलेश- विधानसभा चुनाव में जनता करेगी भाजपा का सफाया

लखनऊ, 18 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भ्रष्टाचार को लेकर सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अब तक का तीखा हमला बोलते हुए उसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा केंद्र करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा दल-दल है। प्रदेश की जनता को इस सरकार ने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और सरकारी बजट की लूट के सिवा कुछ नहीं दिया है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। चहेते ठेकेदारों को मनमाने तरीके से ठेके और टेंडर बांटे गए तथा सरकारी योजनाओं के बजट में जमकर कमीशनखोरी और लूट की गई। उन्होंने प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि 80 हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं का दावा कीचड़ में धंस गया। इसी तरह काशी को क्योटो बनाने का वादा किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने शहर की असली पहचान ही खत्म कर दी।

**गंगा सफाई से जल जीवन मिशन तक भ्रष्टाचार के आरोप**

सपा अध्यक्ष ने नदियों की सफाई के लिए आए बजट में बंदरबांट का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मां गंगा को साफ करने का झूठा वादा किया। गंगा की सफाई नहीं हुई, जबकि इस मद में आए बजट का सही इस्तेमाल नहीं किया गया। जल जीवन मिशन में भी भारी भ्रष्टाचार हुआ। कई जिलों में पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का बोझ नहीं सह सकीं और गिर गईं।

उन्होंने सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण में भी बड़े पैमाने पर लूट का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की लागत से बने एक्सप्रेसवे उद्घाटन के बाद ही गड्ढों में तब्दील होने लगे और कई सड़कें टूट गईं। विकास के नाम पर जनता के पैसे की इस तरह बर्बादी हुई है।

**थाने-तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे, भाजपा सांसदों ने भी उठाए सवाल**

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के थाने और तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। भ्रष्टाचार का जाल इतना व्यापक है कि भाजपा के अपने सांसद भी थानों को दलाली का अड्डा बता रहे हैं। उन्होंने उन्नाव के सांसद के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद महोदय इस सरकार के महाभ्रष्टाचार से इतने हताश हैं कि कह रहे हैं कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी भ्रष्ट पुलिस नहीं देखी।

**भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बदहाल व्यवस्था से जनता परेशान**

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता के लिए संकट बन गई है। भ्रष्टाचार चरम पर है, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद है तथा कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। माफिया और अपराधी भाजपा सरकार की गोद में बैठकर प्रवचन दे रहे हैं। किसान, नौजवान, छात्र और व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब इस सरकार से छुटकारा पाने के लिए विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। 2027 के चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #BJP #UPPolitics #Corruption #YogiGovernment #Prayagraj #Kashi #GangaCleaning #JalJeevanMission #Expressway #UPElections2027 #Mission2027 #उत्तरप्रदेश #भ्रष्टाचार #भाजपा #समाजवादीपार्टी #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.