अखिलेश यादव ने फहराया तिरंगा, बोले- संविधान से ही स्वाधीनता है
Akhilesh Yadav hoisted the tricolor and said – independence comes from the Constitution.
IPN Live
Lucknow, 16 Aug, 2026 12:23 AMस्वतंत्रता दिवस पर सपा मुख्यालय में ध्वजारोहण, 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सजग
लखनऊ, 15 अगस्त 2026 (आईपीएन)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में पार्टी कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई और अमर शहीदों के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि “संविधान से ही स्वाधीनता है।” उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर संविधान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए और इसके लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, समाजवादी पार्टी उसके लिए तैयार है।
डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में उपस्थित लोगों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित तमाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि लाखों क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान के कारण देश को आजादी मिली है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया। संविधान जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने समाजवादी आंदोलन के नेताओं डॉ. राममनोहर लोहिया, आचार्य नरेंद्र देव, जयप्रकाश नारायण और नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी याद किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि भारत खुशहाल और विकसित बने, किसान खुशहाल हों, युवाओं को रोजगार मिले और व्यापारी तरक्की करें। उन्होंने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को समय पर पानी, बीज, खाद और कीटनाशक मिलना चाहिए तथा फसल तैयार होने पर लाभकारी कीमत मिलनी चाहिए।
उन्होंने सरकार की प्रति व्यक्ति आय के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की तुलना उन देशों से की जानी चाहिए जिनकी अर्थव्यवस्था भारत के आसपास है। उन्होंने महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर और दवाएं उपलब्ध नहीं हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि तहसील से लेकर थाने तक भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं और मूलभूत सुविधाओं की तुलना में सरकार के प्रचार पर अधिक खर्च किया जा रहा है।
भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद “इकरंगी” है, जबकि समाजवादी पार्टी का राष्ट्रवाद “बहुरंगी” है और वह सभी को साथ लेकर चलती है।
अखिलेश यादव ने गंगा और अन्य नदियों की सफाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नदियों में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार ने लखनऊ में गोमती नदी की सफाई कर उदाहरण प्रस्तुत किया था।
2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सजग करते हुए कहा कि कोई भी ऐसा बयान न दें जिसका भाजपा राजनीतिक लाभ उठा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक-दूसरे का सम्मान करने और मिल-जुलकर काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना को फिर शुरू किया जाएगा और माताओं-बहनों को हर साल 40 हजार रुपये देने का काम किया जाएगा।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण विधेयक को 2027 में लागू करे, समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संबोधन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लाल किले से असत्य नहीं बोलना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को भाईचारा मजबूत करने और देश को बंधु राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान रहेगा तभी स्वतंत्रता और लोकतंत्र मजबूत रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद आर.के. चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#समाजवादीपार्टी #अखिलेशयादव #स्वतंत्रतादिवस #IndependenceDay #संविधान #संविधानकीरक्षा #2027चुनाव #समाजवादीपार्टी #उत्तरप्रदेश #UPNews #Lucknow #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.