बीपी मंडल की जयंती पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है भाजपा

Akhilesh Yadav attacks BJP on BP Mandal's birth anniversary, says BJP is a threat to democracy, constitution and reservation

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 26 Aug, 2026 04:13 AM
बीपी मंडल की जयंती पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है भाजपा

2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण, पीडीए के हक और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का किया दावा

लखनऊ, 26 अगस्त (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय के पुरोधा बीपी मंडल की जयंती मनाई गई। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीपी मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और पिछड़े तथा वंचित वर्गों के उत्थान एवं सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया।


इस अवसर पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है। भाजपा पीडीए यानी पीड़ित, दुःखी और अपमानित लोगों का हक छीन रही है।


अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की लूट को जनता समझ चुकी है। उनके मुताबिक भाजपा के करीबी उद्योगपति मुनाफा कमा रहे हैं और मुनाफाखोरी के कारण महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय चीनी, तेल सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं। कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग की जेब काटी जा रही है।


कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना


सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जबकि निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है। उनके मुताबिक प्रदेश में अन्याय और अत्याचार चरम पर है तथा लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।


उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की चालबाजी समझ चुकी है और इस बार भाजपा की कोई चाल नहीं चलेगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और 2027 में सपा की सरकार बनाने का फैसला जनता कर चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सभी के साथ न्याय होगा, सभी को हक और सम्मान मिलेगा तथा सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी।


महिला आरक्षण कानून लागू करने की मांग


लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद से पारित होकर कानून बन चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए नए परिसीमन की क्या आवश्यकता है।


कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद आलोक तिवारी, पूर्व सांसद इंजीनियर यशवीर सिंह, विधायक प्रदीप यादव, राम खिलाड़ी यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, पार्षद कामरान बेग, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा, डॉ. इमरान, चौधरी वीरेंद्र सिंह बालियान प्रधान, कुंवर प्रताप सिंह गोरखपुर सहित बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


#ipnlive #ipnnews #ipn #AkhileshYadav #SamajwadiParty #BPMandal #SocialJustice #PDA #Reservation #Constitution #UttarPradesh #Lucknow #UPPolitics

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.