अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था बर्बाद, 2027 में सत्ता से जाएगी भाजपा
Akhilesh Yadav attacks BJP government, says law and order in the state is in shambles, BJP will be out of power in 2027
IPN Live
Lucknow, 9 Aug, 2026 08:49 PMलखनऊ, 09 अगस्त 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और महिलाओं एवं बेटियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और साइबर क्राइम के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है।
सपा अध्यक्ष ने लखीमपुर खीरी में दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को बेहद दर्दनाक बताया। उन्होंने लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा में 17 वर्षीय बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा की गला रेतकर हत्या और बख्शी का तालाब क्षेत्र में युवक का शव मिलने की घटनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हत्या, लूट, दुष्कर्म और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। अखिलेश यादव ने सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावे वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते।
‘भाजपा सरकार में फर्जीवाड़ा चरम पर’
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर फर्जीवाड़े को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में फर्जी मुकदमों, फर्जी एनकाउंटर, फर्जी सिरप और फर्जी प्रचार के बाद अब फर्जी पुलिस और अवैध थाने सामने आने की बात भी सामने आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में फर्जीवाड़े और अवैध कार्यों की भरमार हो गई है और इन गतिविधियों को सत्ताधारियों का संरक्षण प्राप्त है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में भाजपा सरकार जाएगी, तभी प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा और अवैध कार्यों एवं फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।

No Previous Comments found.