आगरा के दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- इस बार लड़ाई 95 बनाम 5 फीसदी की होगी
Akhilesh Yadav attacks BJP at Dalit convention in Agra, says this time it will be a 95% vs 5% fight
IPN Live
Lucknow, 16 Nov, 2026 04:22 AMरामजी लाल सुमन के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में उमड़ा दलित समाज का जनसैलाब, अखिलेश ने कहा- पीडीए का डी मतलब दमदार दलित
आगरा, 15 नवंबर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन की ओर से आयोजित विशाल दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग शामिल हुए। अखिलेश यादव ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पीडीए के समर्थन में उमड़ा जनसमुदाय साबित कर रहा है कि समाजवादी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। यह केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि पूरे देश का दलित सम्मेलन दिखाई दे रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग अंगद का पैर जमाने की बात कर रहे थे, आगरा सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक गई है। भाजपा के साथ खड़े लोग दलित विरोधी हैं। दलित समाज पीडीए के साथ एकजुट होकर 2024 की तरह 2027 में भी भाजपा को हराएगा। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव की लड़ाई 95 बनाम 5 फीसदी की होगी। पीडीए 95 फीसदी है और यही सामाजिक ताकत भाजपा को सत्ता से हटाने जा रही है।
वोट बचाने की लड़ाई, संविधान और अधिकार बचाने की लड़ाई
अखिलेश यादव ने कहा कि हार के डर से भाजपा घबराई हुई है और वोट की हेराफेरी करने में जुटी है। पहले मतदाता सूची का एसआईआर कराया गया और अब एसएसआर कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के वोट कटने संबंधी बयान पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग और अधिकारी सब इन्हीं के हैं तो फिर वोट कैसे कट गए?
उन्होंने कहा कि दमदार दलित भाइयों ने अपने वोट बनवा लिए और मुस्लिम भाइयों ने अपने वोट बचा लिए, इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। सभी को अपने वोट की निगरानी करनी होगी। वोट नहीं बचेगा तो संविधान नहीं बचेगा और संविधान नहीं बचेगा तो हक और अधिकार भी नहीं बचेंगे। यह लड़ाई सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। इसलिए नारा है- वोट बचाओ, संविधान बचाओ।
पीडीए का डी मतलब दमदार दलित
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोग पीडीए की परिभाषा बदलने में लगे रहते हैं, लेकिन आगरा के सम्मेलन ने साबित कर दिया है कि पीडीए का डी मतलब दमदार दलित है। पीडीए की ताकत बढ़ने के बाद से भाजपा इसके खिलाफ साजिश और षड्यंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी ने आंकड़ों के साथ साबित किया है कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के साथ भेदभाव हुआ है। पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की लगभग 200 मूर्तियां तोड़ी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का दिया संविधान हम सबके लिए सब कुछ है। संविधान है तो सम्मान है, हक और अधिकार हैं। संविधान से ही लोकतंत्र और वोट का अधिकार सुरक्षित है। भाजपा संविधान और लोकतंत्र विरोधी है तथा देश को संविधान के बजाय मनविधान से चलाना चाहती है। देश संविधान से चलेगा, मनविधान से नहीं।
पेपर लीक, बेरोजगारी और आरक्षण को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और परीक्षा विरोधी है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी और आरक्षण से वंचित करने के लिए यह सब किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में 26 हजार से अधिक प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए। इन स्कूलों में गरीब और पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते थे। स्कूल बंद होने के साथ वहां की सरकारी नौकरियां भी खत्म हो गईं। भाजपा ने सरकारी नौकरियां छीनकर बाबा साहब के आरक्षण को समाप्त करने का षड्यंत्र किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की लाठी हारेगी और समाजवादी पार्टी का लैपटॉप जीतेगा।
कानून के राज और सामाजिक न्याय की स्थापना का भरोसा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर कानून का राज स्थापित किया जाएगा और अपराधियों को सख्त सजा मिलेगी। पीडीए सरकार में सामाजिक न्याय की स्थापना होगी। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाया जाएगा। मजदूरों को अधिकार मिलेगा और आठ घंटे से अधिक काम करने पर ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ने वालों को सजा दिलाई जाएगी। सरकारी नौकरियों के खाली पद भरे जाएंगे और संविधान के अनुसार दलितों तथा पिछड़ों को आरक्षण दिया जाएगा। एससी-एसटी समाज को विशेष पैकेज देकर आगे बढ़ाया जाएगा। किसानों को फसलों का उचित मूल्य और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अखिलेश यादव ने आगरा के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने आगरा में मेट्रो रेल, इनर रिंग रोड और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं पर काम किया। छात्रों को लैपटॉप दिए गए, जबकि भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ाने के अलावा कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया। किसान आलू का उचित मूल्य पाने के लिए परेशान हैं और खाद के लिए भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सियासत के सैलानियों से सावधान रहने की अपील
सपा अध्यक्ष ने बिना नाम लिए कुछ राजनीतिक लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव देखकर कुछ सियासत के सैलानी भी आ गए हैं। उनकी ओटीपी कहीं और है और वे किसी दूसरे के माइक का लाउडस्पीकर बन गए हैं। उनकी डोर और चरखी कहीं और है। ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा, क्योंकि वे पीडीए समाज के दर्द और उसके साथ हो रहे अन्याय को नहीं जानते।
उन्होंने कहा कि जो योगी होता है, वह पूरे समाज की बात करता है। 80 और 20 की बात करने वाला योगी नहीं हो सकता।
रामगोपाल यादव बोले- पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई
सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि 2024 में इंडिया गठबंधन की जीत और पीडीए की एकजुटता से भाजपा सरकार घबराई हुई है। भाजपा द्वारा पोषित कुछ पार्टियां और व्यक्ति पीडीए समाज में विघटन पैदा करने की साजिश कर रहे हैं। भाजपा कुछ लोगों को पैसा देकर और कुछ को डराकर कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रही है। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में वोट का अधिकार और संविधान खतरे में है। पीडीए का आरक्षण छीना जा रहा है और दलितों के साथ अन्याय तथा उत्पीड़न हो रहा है। उत्तर प्रदेश में जाति देखकर लोगों को गोली मारे जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में सांसद और विधायक बने पीडीए समाज के कुछ लोग भी इन घटनाओं पर आवाज नहीं उठाते।
रामजी लाल सुमन बोले- आगरा दलित चेतना का केंद्र
सम्मेलन के संयोजक एवं राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन ने कहा कि दलित समाज जानता है कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा दलितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1949 में दिल्ली के रामलीला मैदान में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पुतला जलाया गया था। उन्होंने कहा कि आज भी जगह-जगह बाबा साहब और भगवान गौतम बुद्ध की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं। यह केवल मूर्तियां तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि एक विचारधारा को नुकसान पहुंचाने की साजिश है।
रामजी लाल सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना का केंद्र रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। सम्मेलन में उमड़ा जनसमुदाय इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक शक्तियों का ध्रुवीकरण भाजपा के खिलाफ और समाजवादी पार्टी के पक्ष में हो रहा है।
सम्मेलन को अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद, मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी, रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्ला नदवी, विधायक मनोज पारस और विधायक डॉ. रागिनी सोनकर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रणजीत सुमन सहित अन्य नेताओं ने अखिलेश यादव का स्वागत किया। फिरोजाबाद से पूर्व मेयर प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह राठौर और बालयोगी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
#AkhileshYadav #SamajwadiParty #PDA #DalitConference #Agra #UPPolitics #Mission2027 #SocialJustice #BhimraoAmbedkar #Constitution #PDA आंदोलन #अखिलेश_यादव #समाजवादी_पार्टी #आगरा_सम्मेलन #दलित_सम्मेलन #पीडीए #सामाजिक_न्याय #संविधान_बचाओ #वोट_बचाओ #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.