अखिलेश यादव ने किया ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का ऐलान, महिलाओं को हर साल ₹40 हजार; छात्राओं को लैपटॉप-साइकिल
Akhilesh Yadav announced the "Stree Samman-Samriddhi Yojana," which provides ₹40,000 annually to women and laptops and bicycles to female students.
IPN Live
Lucknow, 27 Aug, 2026 01:43 AMलखनऊ, 27 अगस्त 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय महिला समानता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस योजना को 2027 के विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेगी और सरकार बनने पर इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
योजना के तहत समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल ₹40 हजार दिए जाएंगे। इसके साथ ही इंटर पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप और साइकिल देने, महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का भी वादा किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर खोला जाएगा। सरकारी स्कूलों में फीस माफ करने और निजी स्कूलों की फीस आधी करने का दावा करते हुए उन्होंने न्यूट्रिशन मिशन योजना दोबारा शुरू करने और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने की बात कही।
महिला सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा समाजवादी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को आगे बढ़ाए बिना प्रदेश की तरक्की अधूरी है।
उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन और यूपी डायल-100 सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पहले भी प्रभावी व्यवस्थाएं बनाई गई थीं। उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत महिलाओं के खातों में सीधे ₹500 भेजे जाते थे।
महिला आरक्षण कानून तुरंत लागू करने की मांग
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लिए नारी केवल नारा बनकर रह गई है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग की और कहा कि इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से ही लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ को लेकर जनता के बीच जाएगी। साथ ही प्रसूताओं के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा फिर शुरू करने की बात कही।
डिंपल यादव ने बताया योजना का मूल सिद्धांत
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना का मूल सिद्धांत नारी शक्ति का विकास केवल कहने से नहीं, बल्कि महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व और आर्थिक मजबूती देने से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि योजना में ‘स्त्री’ शब्द इसलिए चुना गया है, क्योंकि यह हर उम्र की महिला को समाहित करता है। ‘सम्मान’ इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रत्येक स्त्री को उसकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति से परे सम्मान मिलना चाहिए, जबकि ‘समृद्धि’ आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और समय-समय पर इसकी समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। मोबाइल, लैपटॉप, आर्थिक सहायता, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद इकरा हसन चौधरी, प्रिया सरोज, विधायक रेखा वर्मा, नसीम सोलंकी, गीता शास्त्री, मारिया अली, डॉ. रागिनी सोनकर, ऊषा मौर्या, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा एवं कौसर जहां सहित पार्टी की कई महिला नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
#ipnlive #ipnnews #ipn #AkhileshYadav #DimpleYadav #SamajwadiParty #SP #StriSammanSamriddhiYojana #WomenEmpowerment #MahilaSamanataDiwas #UPPolitics #Lucknow #UttarPradesh #UPNews

No Previous Comments found.