अखिलेश यादव का आरोप: भाजपा फर्जी वोट के भरोसे, 2027 में सत्ता से बेदखली तय
Akhilesh Yadav alleges BJP is relying on fake votes, will be ousted from power in 2027
IPN Live
Lucknow, 14 Oct, 2026 09:31 PMबोले सपा अध्यक्ष- वोट के अधिकार और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है 2027 का चुनाव, कार्यकर्ताओं को बूथों पर सतर्क रहने की नसीहत
लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर फर्जी वोट और वोटरलिस्ट में गड़बड़ी के जरिए चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव जीवन-मरण का चुनाव है। पार्टी कार्यकर्ता बूथों पर सतर्क रहें और चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की पराजय तय है।
बुधवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि किसी को शिकायत का मौका न मिले। प्रदेश और जनता के हित में सपा की सरकार बनना जरूरी है। भाजपा सरकार में शिक्षा, परीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है तथा गरीबों की जमीनों पर कब्जे के मामलों में सत्ताधारी दल के लोगों को संरक्षण मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में न लोगों का जीवन सुरक्षित है और न सम्मान। सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों को बुलडोजर से डराया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी मतदाता सूची में कथित फर्जी वोट मौजूद हैं और भाजपा सपा समर्थकों के वोट कटवाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि सुल्तानपुर के नंदलाल निषाद और लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के दशरथ के नाम से वोट कटवाने के लिए भरे गए कथित फर्जी फार्म-7 को सपा कार्यकर्ताओं ने पकड़ा था। अखिलेश यादव ने भाजपा पर पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के वोट काटने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए के लोग भाजपा की चाल समझ चुके हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव वोट के अधिकार, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारी करने और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #AkhileshYadav #SamajwadiParty #SP #PDA #UPPolitics #UPElection2027 #VoteChori #VoterList #UttarPradesh

No Previous Comments found.