सपा में शामिल हुए आकाश अग्रवाल और संजयन त्रिपाठी, अखिलेश ने दोनों को बनाया एमएलसी प्रत्याशी
Akash Agarwal and Sanjayan Tripathi joined the Samajwadi Party, Akhilesh made both of them MLC candidates.
IPN Live
Lucknow, 3 Oct, 2026 05:18 PMलखनऊ, 3 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए आगरा शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद के प्रत्याशी रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं और उनके साथ आए समर्थकों का स्वागत किया।
सपा में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने डॉ. आकाश अग्रवाल को आगरा शिक्षक क्षेत्र से पूर्व घोषित प्रत्याशी प्रकाश चंद्र गुप्ता के स्थान पर तथा डॉ. संजयन त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से पूर्व घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव के स्थान पर पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के पूर्व में घोषित दोनों प्रत्याशियों प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमलेश यादव की सहमति से आज शामिल हुए नेताओं को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता इन चुनावों को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत से लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल और डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ समाजवादी पार्टी के शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के घोषित सभी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत करेंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज जिन लोगों ने पार्टी और संगठन के हित में त्याग किया है, उनका हमेशा सम्मान किया जाएगा। समय आने पर उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा।
आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र में प्रत्याशियों के बदलाव के साथ समाजवादी पार्टी ने शिक्षक क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर अपनी रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #समाजवादीपार्टी #अखिलेशयादव #आकाशअग्रवाल #संजयनत्रिपाठी #एमएलसीचुनाव #विधानपरिषदचुनाव #शिक्षकक्षेत्र

No Previous Comments found.