ई20 नीति और चीनी कीमतों पर अजय राय ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, व्यापक समीक्षा की मांग

Ajay Rai writes to PM Modi on E20 policy and sugar prices, demands a comprehensive review

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 26 Aug, 2026 02:13 AM
ई20 नीति और चीनी कीमतों पर अजय राय ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, व्यापक समीक्षा की मांग
लखनऊ, 25 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित ईंधन की नीति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने ई20, ई85 और ई100 नीति की स्वतंत्र समीक्षा करने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए त्वरित निर्णय लेने की मांग की है।

अजय राय ने पत्र में कहा कि उन्होंने 7 जुलाई को भी एथेनॉल मिश्रित ईंधन की नीति के वैज्ञानिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और उपभोक्ता हितों से जुड़े सवालों पर प्रधानमंत्री को विस्तृत पत्र भेजा था। उन्होंने एथेनॉल नीति के आर्थिक प्रभाव की समीक्षा के साथ उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण की मांग की थी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की एथेनॉल नीति का प्रमुख तर्क पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करना और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना रहा है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार 2024-25 में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण 19.24 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसके बावजूद 20 अगस्त को करीब एक दशक में पहली बार 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई।

एथेनॉल नीति पर मांगा वास्तविक लेखा-जोखा

अजय राय ने कहा कि यदि एथेनॉल मिश्रण से पेट्रोलियम आयात पर विदेशी मुद्रा की बचत का दावा किया जाता है, लेकिन घरेलू चीनी की कमी के कारण चीनी का आयात करना पड़ता है तो उस पर भी विदेशी मुद्रा खर्च होगी। इसलिए एथेनॉल उत्पादन, चीनी उत्पादन, घरेलू कीमतों और आयात के बीच वास्तविक आर्थिक प्रभाव का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

उन्होंने चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। राय ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

ई10 विकल्प फिर उपलब्ध कराने की मांग

अजय राय ने कहा कि भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने भी हाल में ई20 के साथ ई10 जैसे कम-मिश्रण वाले ईंधन को फिर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है, ताकि पुराने वाहनों के मालिकों की चिंताएं कम हो सकें। उन्होंने कहा कि जब सरकार के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार स्वयं उपभोक्ताओं को विकल्प देने की जरूरत बता रहे हैं तो एथेनॉल नीति की व्यापक समीक्षा जरूरी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से मांग की कि आगामी त्योहारों और पर्वों के मद्देनजर एथेनॉल नीति के साथ-साथ चीनी की कीमतों को लेकर भी सरकार ठोस निर्णय ले। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल सरकार का विषय हो सकता है, लेकिन जनता के हितों से जुड़े सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.