अजय राय ने कहा: राहुल गांधी को महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी में गहरी रुचि

Ajay Rai said: Rahul Gandhi has a keen interest in women's participation in politics and nation building

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 4 Oct, 2024 07:43 PM
अजय राय ने कहा: राहुल गांधी को महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी में गहरी रुचि

लखनऊ, 04 अक्टूबर 2024 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने आज यहां कहा कि इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक पहल है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सशक्त बनाने के लिए शुरू किया गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा से महिलाओं को शासन के विभिन्न क्षेत्रों में, विशेष रूप से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में, प्रोत्साहित और सशक्त करने के प्रयास किए हैं। कांग्रेस ने ऐसी नीतियों और पहलों को लागू किया है, जो राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करती हैं।  

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में पीसीसी अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी, महिलाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में बड़े पैमाने पर भागीदारी सुनिश्चित करने के विचार में गहरी रुचि रखते हैं और उन्होंने महिलाओं से इस क्रांति में शामिल होने का आग्रह किया है जिसे ‘‘शक्ति अभियान’’ कहा जाता है।  

श्री राय ने कहा कि इंदिरा फेलोशिप शक्ति अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे उन महिलाओं के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जो अपने समुदायों में स्थायी प्रभाव डालने की आकांक्षा रखती हैं। एक राजनीतिक साधन के रूप में, यह आंदोलन ‘हक, हिस्सेदारी और पहचान’ के बुनियादी विचारों पर आधारित है।  

श्री राय ने बताया कि महज एक वर्ष के छोटे से समय में 300 से अधिक फेलो ने 28 राज्यों और 350 ब्लॉकों में 4300 शक्ति क्लब स्थापित किए हैं, जिनमें 31000 सदस्य शामिल हैं, जो शक्ति अभियान की स्थापना और संचालन का प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।

योगी को नैतिकता के तौर पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और पूरी तरह से जंगलराज कायम हो चुका है। अमेठी में एक पूरे परिवार की नृशंश हत्या डर पैदा करती है। राजनीति में मुझे 32 वर्ष हो गये लेकिन पहली बार देख रहा हूं कि डेढ़ वर्ष की बच्ची की भी गोली मारकार हत्या कर दी गई।

योगी आदित्यानाथ अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए लगातार नफरत की सियासत कर रहे हैं। उनकी बुल्डोजर नीति का जिक्र करते हुए श्री राय ने कहा कि जिस तरह से जनपद बहराइच में आमलोगों के मकान गिराये गये वह किसी भी प्रदेश के लिए शर्म की बात है। अगर कोर्ट का भी आदेश था तो भी यह प्रदेश की जिम्मेदारी होती है कि उनके रहने का वैकल्पिक व्यवस्था की जाये। श्री राय ने कहा कि योगेश वर्मा बीजेपी के विधायक हैं और वह बयान देते हैं कि हम दरूहा हैं। सवाल यह है कि जब एक विधायक इस तरह की भाषा का सार्वजनिक मंचों से इस्तेमाल करता है तो वह समाज में क्या संदेश देना चाहता है।

श्री राय ने कहा कि आज जिस तरह के हालात प्रदेश में व्याप्त हैं योगी को नैतिकता के तौर पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.