अजय राय का CM योगी पर पलटवार, बोले- झूठी बयानबाजी छोड़िए, प्रदेश की असली समस्याओं पर ध्यान दीजिए
Ajay Rai hit back at CM Yogi, saying, "Stop making false statements, focus on the real problems of the state."
IPN Live
Lucknow, 28 Aug, 2026 01:26 AMलखनऊ, 27 अगस्त 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुला पत्र लिखकर उनके हालिया बयानों पर तीखा पलटवार किया है। अजय राय ने मुख्यमंत्री को झूठी और अप्रमाणित बयानबाजी बंद कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और युवाओं की समस्याओं पर ध्यान देने की सलाह दी है।
अजय राय ने अपने पत्र में कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और उनके धार्मिक एवं जातिगत उग्र बयानों से प्रदेश का माहौल प्रभावित हो रहा है। जनता ने उन्हें प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए सत्ता सौंपी है, राजनीतिक विरोधियों पर व्यक्तिगत आरोप लगाने के लिए नहीं।
‘यह अमिट सत्य है कि मैं शाकाहारी हूं’
अजय राय ने अपने ऊपर अयोध्या में दर्शन के बाद मछली की दावत करने के आरोप पर कहा कि “यह अमिट सत्य है कि मैं शाकाहारी हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस कार्यक्रम का उल्लेख किया जा रहा है, उसमें वह निषाद समाज के निमंत्रण पर शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद आयोजकों ने अपने समाज के लिए भोज किया था।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास उनके मछली खाने की कोई सत्यापित तस्वीर या वीडियो है तो उसे जनता के सामने लाया जाए। अजय राय ने दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को चुनौती दी थी, लेकिन पांच दिन बाद भी कोई जवाब नहीं आया।
‘माफिया के सामने कभी सिर नहीं झुकाया’
अजय राय ने अपने भाई स्व. अवधेश राय की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने किसी माफिया के सामने सिर नहीं झुकाया और करीब 32 वर्षों तक न्याय के लिए अदालतों में लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2021 और सितंबर 2025 में उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के बावजूद वह न डरे और न न्याय की लड़ाई से पीछे हटे।
उन्होंने कहा कि उनके बारे में माफिया के सामने डरने का आरोप न केवल झूठ है, बल्कि उनकी लंबी न्यायिक लड़ाई का भी अपमान है।
CM योगी से पूछा- ‘उग्र बयान किस आधार पर?’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वह लगातार इतने उग्र और व्यक्तिगत बयान किस आधार पर देते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के पुराने राजनीतिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए मुख्यमंत्री के शब्दों की जिम्मेदारी और भी बड़ी हो जाती है।
कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई पर घेरा
अजय राय ने कहा कि प्रदेश के सामने मछली की दावत से कहीं बड़े मुद्दे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था, पुलिस की लापरवाही, महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा, कमजोर वर्गों पर अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और युवाओं की समस्याओं, बिजली व्यवस्था, सड़कों के निर्माण तथा कथित प्रशासनिक भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों सहित बड़ी संख्या में लोग अन्याय की शिकायत कर रहे हैं। इन सवालों का जवाब विज्ञापनों से नहीं, बल्कि जमीन पर काम करके देना होगा।
अजय राय ने त्योहारों के दौरान चीनी, दाल, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित रखने पर भी सरकार से ध्यान देने की अपील की।
‘भगवा वस्त्र से संत का आचरण सिद्ध नहीं होता’
खुले पत्र के अंत में अजय राय ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि झूठी और अप्रमाणित बयानबाजी बंद कर मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्तिगत आरोपों की राजनीति ही करनी है तो पद की गरिमा के लिए इस्तीफा देना बेहतर होगा।
अजय राय ने कहा कि केवल भगवा वस्त्र पहन लेने से संत का आचरण सिद्ध नहीं होता, बल्कि संत की पहचान सत्य, संयम, करुणा और शांति से होती है। उन्होंने कहा कि यदि वैराग्य ही मार्ग है तो राजनीति छोड़कर मठ लौटना और पूजा-पाठ व जनसेवा करना मुख्यमंत्री तथा प्रदेश दोनों के लिए बेहतर होगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता इन मुद्दों को समझ रही है और 2027 में अपने अनुभव के आधार पर फैसला करेगी।
#ipnlive #ipnnews #ipn #AjayRai #YogiAdityanath #UPCongress #Congress #UPPolitics #Lucknow #UttarPradesh #UPNews #2027Election

No Previous Comments found.