काशी और अयोध्या के बाद अब हम मथुरा की ओर बढ़ चले हैं : योगी आदित्यनाथ

After Kashi and Ayodhya, we are now moving towards Mathura: Yogi Adityanath

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 28 Apr, 2024 01:49 AM
काशी और अयोध्या के बाद अब हम मथुरा की ओर बढ़ चले हैं : योगी आदित्यनाथ

फिरोजाबाद. 27 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए कहा है कि राम और कृष्ण की धरती पर ये लोग गोकशी की छूट देना चाहते हैं। फिरोजाबाद लोकसभा सीट के लिए बीजेपी प्रत्याशी ठाकुर विश्वदीप सिंह के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने यहां जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब वे मथुरा की ओर बढ़ चले हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ’डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ वाले लोगों को लगता है कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं थे। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही है, वहीं कांग्रेस राज में उनके चट्टे-बट्टे गरीबों का राशन भी डकार जाते थे।

निशाने पर परिवारवाद

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि हम काशी और अयोध्या के बाद मथुरा की ओर बढ़ चले हैं। उन्होंने सपा को टार्गेट करते हुए कहा कि क्या उन लोगों ने कभी ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए कभी कुछ किया है। उन्हें यादवों में भी केवल अपने परिवार के लोगों को लाभ पहुंचाया है। इन लोगों ने अपने परिवार के बाहर कुछ सोचा ही नहीं और परिवारवाद के नाम पर जाति को बदनाम करते रहते हैं।

माफिया के लिए फातिहा पढ़ते हैं

उन्होंने कहा कि इनकी सहानुभूति गरीबों के साथ न होकर माफिया के साथ है। माफिया के लिए ये लोग फातिहा पढ़ते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी और माफिया गठजोड़ पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा पोषित माफिया विधायक कृष्णानंद राय, कई पुलिसकर्मी, कई भाजपा नेता के साथ ही सपा के विधायक राजू पाल और अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या करते हैं, मगर समाजवादी पार्टी को कोई सहानुभूति नहीं, इनकी सहानुभूति केवल माफिया के साथ रहती है। जब माफिया अपनी मौत मर रहा है और अपने कृत्यों की सजा पा रहा है, तो ये लोग फातिहा पढ़ने उसके घर जा रहे हैं। जनता को इन्हें पांच साल और फातिहा पढ़ने के लिए छोड़ देना चाहिए।

ये पलायन का रास्ता ढूंढ रहे हैं

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये लोग बेकार में चुनाव लड़ रहे हैं। क्योंकि देश में सरकार बनाने के लिए 273 सीटें चाहिए और ये केवल 63 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। सपा और कांग्रेस अखाड़े में आने से पहले ही युद्ध हार चुके हैं। अब ये पलायन का रास्ता ढूंढ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में हुए आतंकी बम धमकों को याद करते हुए कहा कि जिन आतंकियों ने अयोध्या में राम मंदिर, वाराणसी में संकट मोचन मंदिर, विभिन्न न्यायालयों और रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हमला किया था, सपा सरकार ने उन मुकदमों को वापस लेने का कुत्सित प्रयास किया था। तब न्यायपालिका ने इन्हें लताड़ते हुए यहां तक पूछा था कि आज आप लोग आतंकवादियों के मुकदमों को वापस ले रहे हो, कल इन्हें पद्म पुरस्कार भी दोगे क्या?

व्यवसाई को परेशान किया तो बोरिया बिस्तर बांध देंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय सुहागनगरी फिरोजाबाद का कांच का उत्पाद बंदी की कगार पर चला गया था। अधिकारी परेशान करते थे। 2017 में हमारी सरकार बनते ही हमने कहा कि किसी व्यवसाई को परेशान किया तो बोरिया बिस्तर बांध देंगे। आज पूरी दुनिया में फिरोजाबाद का ग्लास छा रहा है।

इन लोगों के मंसूबे बहुत ही खतरनाक

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को आधार बनाते हुए कहा कि इन लोगों के मंसूबे बहुत ही खतरनाक हैं। इन्होंने 1947 में देश को बांटा अब अपने मेनिफेस्टो में कहते हैं कि देश के लोगों की संपत्ति का सर्वे कराएंगे, उसपर विरासत टैक्स लगाएंगे और आधी संपत्ति पर कब्जा करके बांट देंगे। इन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या और आबादी बढ़ाने वाले तत्वों को आपकी संपत्ति बांटकर भारत का तालिबानीकरण करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस एससी, एसटी ओर ओबीसी के आरक्षण के हक पर डकैती डालना चाहती है और इसमें सपा उसका साथ दे रही है। ये अब भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की धरती पर गोकशी की छूट देना चाहते हैं। क्या राम और कृष्ण के भक्त कभी इसे स्वीकार करेंगे। कांग्रेस व्यक्तिगत कानून को फिर से लागू करके तीन तलाक को दोबारा लागू कराना चाहती है। देश में माओवादी अपसंस्कृति को लागू करना चाहती है। ये ’डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ वाले लोग हैं। जनता को अब भारत, राम और कृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा करने वालों के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा करना होगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, लोकसभा प्रभरी शिव शंकर शर्मा, सुनील पांडेय, वृंदावन लाल गुप्ता, सांसद चंद्रसेन जादौन, विधायक मनीष असीजा, प्रेमपाल सिंह धनखड़, महापौर कामिनी राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह, लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर विश्वदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य शामिल रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.