फर्जी वोट जुड़वाने का भाजपा और चुनाव आयोग पर षड्यंत्र का आरोप, अखिलेश यादव बोले- एसआईआर के बाद फार्म-6 के आवेदनों में 22 गुना बढ़ोतरी

Accusing the BJP and the Election Commission of conspiring to add fake votes, Akhilesh Yadav said that after the SIR, there was a 22-fold increase in Form-6 applications.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 28 Nov, 2026 02:31 AM
फर्जी वोट जुड़वाने का भाजपा और चुनाव आयोग पर षड्यंत्र का आरोप, अखिलेश यादव बोले- एसआईआर के बाद फार्म-6 के आवेदनों में 22 गुना बढ़ोतरी

लखनऊ, 28 नवंबर 2026 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर फार्म-6 के जरिए करोड़ों फर्जी वोट जुड़वाने का षड्यंत्र करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद फार्म-6 के आवेदनों में 22 गुना की बढ़ोतरी हुई है। एसआईआर के बाद जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट कम हुए थे, वहां फिर से मतदाताओं की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है।


शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से सोची-समझी रणनीति के तहत मतदाताओं की संख्या को लेकर बयानबाजी की जा रही है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाता हटा दिए गए हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से कहा गया है कि ढाई करोड़ वोटर गायब हैं। आखिर झूठ कौन बोल रहा है? मुख्यमंत्री या निर्वाचन अधिकारी?


उन्होंने कहा कि करोड़ों मतदाताओं के नाम गायब होने का शोर इसलिए मचाया जा रहा है, ताकि अंतिम मतदाता सूची आने पर एक महीने के भीतर करोड़ों वोटर जोड़ने की कथित साजिश पर सवाल न उठे। जल्द ही समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर फर्जी वोटरों की जानकारी देगा और कार्रवाई की मांग करेगा। कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने पर विचार करेगी।


अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर 17 नवंबर तक मतदाता सूची में 2 लाख 84 हजार फर्जी वोट जुड़वाए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इसकी शिकायत भी की है।


पांच विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट वोटरों का दिया उदाहरण


अखिलेश यादव ने इलाहाबाद दक्षिण, गाजियाबाद, गोरखपुर शहरी, इलाहाबाद पश्चिम और वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन शहरी क्षेत्रों में एसआईआर के बाद हर एक हजार वोटरों पर पांच से सात डुप्लीकेट वोटर जोड़े गए हैं।


उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर 2026 को समाजवादी पार्टी ने ऑडिट जारी कर मतदाता सूची में लाखों डुप्लीकेट वोटर होने की जानकारी दी थी। पार्टी ने सभी फर्जी वोटरों के विवरण के साथ चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन 17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में अब भी लाखों डुप्लीकेट वोटर मौजूद हैं।


उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के एसएसआर की प्रक्रिया चलने के बावजूद प्रदेश में बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले और तैनातियां की जा रही हैं। सवाल है कि इन तबादलों से किसे फायदा पहुंचाया जा रहा है और चुनाव आयोग ने इस पर संज्ञान क्यों नहीं लिया?


डुप्लीकेट वोटरों पर कार्रवाई का हिसाब दे चुनाव आयोग


सपा अध्यक्ष ने मांग की कि चुनाव आयोग बताए कि पार्टी की ओर से अब तक चिह्नित कर दिए गए लाखों डुप्लीकेट वोटरों में से कितने नाम हटाए गए हैं। उन्होंने चुनावी ड्यूटी में तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों में कम से कम 50 प्रतिशत अधिकारी पीडीए वर्ग से रखने की मांग की।


उन्होंने एक बार फिर वोटर आईडी कार्ड को आधार से जोड़ने और बायोमेट्रिक सत्यापन कराने की मांग उठाई। साथ ही कहा कि वोटर आईडी कार्ड मेटल का बनाया जाए। जब प्रत्येक व्यक्ति के पास आधार कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान की सुविधा है तो इसे मतदाता सूची से क्यों नहीं जोड़ा जा रहा है?


परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी : अखिलेश


एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी। भाजपा ने अब तक जितने भी बड़े फैसले लिए हैं, उनसे जनता को कोई लाभ नहीं हुआ। नोटबंदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि इससे भ्रष्टाचार खत्म होगा और महंगाई कम होगी, लेकिन नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय कई गुना बढ़ गया। महंगाई चरम पर है। रसोई गैस, बिजली के बिल, डीजल-पेट्रोल, चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ गए हैं। जनता परेशान है।


उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन लगातार भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहा है। भाजपा सरकार के पास इन मुद्दों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार बताए कि वर्ष 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और 2026 के बाद कितना है।


कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा, इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव हारने जा रही है और इसी डर से परिसीमन का बिल लाना चाहती है। कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां बैठकर बातचीत करेंगी और गठबंधन होगा। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा। दोनों पार्टियां मिलकर जीतने वाले प्रत्याशियों को समायोजित करेंगी।


उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की पूरी तैयारी है। पार्टी जीतने वाले प्रत्याशियों पर काम कर रही है और जनता भी जीतने वाले प्रत्याशी को देखना चाहती है।


सपा ने अपने प्रणपत्र के वादों को पूरा करने की तैयारी की है : अखिलेश


समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा अपने वादे पूरे किए हैं और सरकारों में वादों से भी ज्यादा काम किया है। प्रणपत्र में किए गए सभी वादों का पार्टी ने आकलन किया है। उन्हें किस तरह पूरा किया जाएगा, इस पर भी होमवर्क किया गया है।


उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। भाजपा जो वादे करती है, उन्हें पूरा नहीं करती। स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया गया था, लेकिन कहीं भी स्मार्ट सिटी दिखाई नहीं पड़ रही है। वह केवल बोर्डों तक ही सीमित है।


#AkhileshYadav #SamajwadiParty #SIR #Form6 #FakeVoters #VoterList #ElectionCommission #UPPolitics #UPAssemblyElection2027 #INDIAAlliance #PDA #Delimitation #Lucknow #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.