AKHILESH ने कहा: BJP ने हमेशा आजमगढ़ की उपेक्षा की और बदनाम किया
AKHILESH said: BJP has always neglected and maligned Azamgarh
IPN Live
Lucknow, 19 Jun, 2022 09:01 PMलखनऊ, 19 जून 2022 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की जनविरोधी और गलत नीतियों का खामियाजा पूरा प्रदेश और देश भुगत रहा है। भाजपा की धोखे और झूठ की राजनीति ने समाज के हर वर्ग को तबाह कर दिया है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा सरकार से नाराज और आक्रोशित है। उत्तर प्रदेश महंगाई, बेरोजगारी और अपराध की घटनाओं से झुलस रहा है।
अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री समेत भाजपा के सभी नेता अपनी बात झूठ से शुरू करते है और झूठ पर ही खत्म करते हैं। सर्वविदित है कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया। उसी की अगली कड़ी में आजमगढ को प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ने के लिए समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी गई थी।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार में समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण हुआ। एलाइनमेंट हुआ लेकिन भाजपा सरकार बनने पर काम रोक दिया फिर समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का नाम बदल दिया। समाजवादियों ने हमेशा आजमगढ़ और पूर्वांचल के विकास के लिए काम किया। आजमगढ़ में मेडिकल कालेज, चीनी मिल, पैरा मेडिकल कालेज, हॉस्पिटल और सड़के समाजवादी सरकार में बनी।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने हमेशा आजमगढ़ की उपेक्षा की और बदनाम किया। अभी भी भाजपा सरकार धोखा देने से बाज नहीं आ रही है। आजमगढ़ ने हमेशा भाजपा की साम्प्रदायिकता और विकास विरोधी ताकतों को नकारा है। समाजवादियों ने हमेशा आजमगढ़ और पूर्वांचल में विकास और जनता को सम्मान दिया है। आजमगढ़ की जनता ने भी हमेशा समाजवादियों का साथ दिया है। यह परस्पर भरोसा अटूट है।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा राज में महंगाई, भ्रष्टाचार और बच्चियों के दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सत्ता संरक्षित दबंगों ने भाजपा राज को जंगलराज में तब्दील कर दिया है। भाजपा ने एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया। समाजवादी सरकार ने मरीजों के लिए 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा, और महिला अपराध नियंत्रण के लिए 1090 तथा अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 की सुविधा दी थी जिसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।
सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पास गिनाने को अपनी एक भी योजना नहीं है। समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर वह पांच वर्ष से गुमराह करने का अपराध किया है। आर.एस.एस. और भाजपा झूठ-फरेब और नफरत फैला कर जनता को गुमराह कर राज कर रहे हैं। लेकिन जनता भाजपा की षडयंत्रकारी नीतियों की सब सच्चाई जानती है।

No Previous Comments found.