AKHILESH ने कहा : लोकतंत्र के विरूद्ध काम कर रही है भाजपा सरकार, साज़िश कर विपक्ष को बांटने की कोशिश में लगी
AKHILESH said: BJP government is working against democracy, trying to divide the opposition by conspiracy
IPN Live
Lucknow, 6 Sep, 2022 06:17 PMलखनऊ, 06 सितंबर 2022 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। भाजपा सरकार लोकतंत्र के विरूद्ध काम कर रही है। भाजपा सरकार साज़िश कर विपक्ष को बांटने की कोशिश में लगी है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमें लगाए जा रहे हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अनाचार और अन्याय बढ़ा है। भाजपा झूठ बोलती है। भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों को धोखा दे रही है।
अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया हैं। संविधान का पालन क्यों नहीं करती हैं? भाजपा ने अपने चुनाव संकल्प पत्र में जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया है। आम जनता को धोखा दिया जा रहा है। किसानों को मुफ्त बिजली, मुफ्त सिंचाई देने की सुविधा हवा-हवाई साबित हुई हैं। किसानों की आय 2022 तक दुगनी करने का वादा भी पूरा नहीं किया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य सबसे ज्यादा उपेक्षित है। तमाम सरकारी तामझाम के साथ राजधानी में कई निवेश सम्मेलन तो हुए किन्तु उत्तर प्रदेश की बदहाली देखकर कोई पूँजीनिवेश नहीं हुआ। एक भी नया उद्योग नहीं लगा। एक ट्रिलियन अर्थ व्यवस्था का सपना दिखाने वाले मुख्यमंत्री इसकी कार्ययोजना साढ़े पांच साल में भी नहीं बना पाए हैं।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना की मांग पर चुप्पी साधे है। जातीय जनगणना होने से समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास में प्रतिनिधित्व तय हो जाता। सबकी भागीदार निश्चित हो जाती। इसी तरह समाजवादी सरकार ने 17 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की दिशा में जो कदम उठाए थे उन्हें भाजपा सरकार ने विफल कर पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय किया है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ अभियान चलाने की रणनीति पर काम कर रही है। लेकिन अब भाजपा की कोई साजिश सफल नहीं होगी। समाजवादी पार्टी युवाओं की पार्टी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जुझारू हैं। भाजपा सरकार की सारी साजिशों को समाजवादी पार्टी विफल करने में समर्थ है। सन् 2024 में भाजपा को केन्द्र की सत्ता फिसलती नज़र आने लगी है। तबसे भाजपा बौखला गयी है।

No Previous Comments found.