AKHILESH ने कहा: भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और देश की आम जनता के साथ विश्वासघात किया है

AKHILESH said: BJP government has betrayed the farmers, youth and general public of the country.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 5 May, 2024 03:17 AM
AKHILESH ने कहा: भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और देश की आम जनता के साथ विश्वासघात किया है

लखनऊ, 04 मई 2024 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बदायूं के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी आदित्य यादव और फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अक्षय यादव के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।

    जनसभाओं में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से देश के संविधान और लोगों की जान दोनों को खतरा है। भाजपा सरकार ने 10 साल में कई संविधान विरोधी फैसले लिए हैं। वहीं वैक्सीन कंपनी से चंदा लेकर पूरे देश की जनता को वैक्सीन लगवा कर उनके सामने संकट पैदा कर दिया है। वैक्सीन को लेकर जो रिपोर्ट आई है वह बेहद गंभीर है। रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि वैक्सीन के कारण हार्ट की समस्या बड़ी है। इसलिए हम चाहते हैं कि पूरे देश के अस्पतालों में सभी के लिए हार्ट और उससे जुड़ी जांच फ्री कर दी जाए, जिससे लोग जब चाहे तब अपने हार्ट की जांच कराकर जानकारी हासिल कर ले।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों नौजवानों और देश की आम जनता के साथ विश्वासघात किया है। खोखले नारे देकर शोषण किया। भाजपा ने सभी को धोखा दिया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को चरम पर पहुंचा दिया है। जनता से झूठे वादे किए। भाजपा लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। संविधान को बदलना चाहती है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के लिखे हुए संविधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को हर हालत में हटाना होगा। इसने सभी को अपमानित किया है। सत्ता का दुरुपयोग किया है। देश की संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर लोगों पर झूठे मुकदमे कराए, जेल भिजवाया और वसूली कराई है।

    अखिलेश ने कहा कि देश की जनता भाजपा से त्रस्त हो चुकी है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ मतदान कर रही है। पहले दो चरणों के चुनाव में जो हवा चली है उससे भाजपा चार सौ पार  का नारा भूल गई है, वह देश में चार सौ सीटें हारने जा रही है। बीजेपी हार रही है, इंडिया गठबंधन देश में सरकार बनाने जा रहा है।

    श्री यादव ने कहा कि दो चरणों के चुनाव से तय हो गया है कि तीसरे चरण के चुनाव में भी भाजपा का सफाया होने जा रहा है। भाजपा ने झूठ और धोखे से देश में सभी का भरोसा तोड़ा है। किसानों को आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन महंगाई बढ़ा दी, किसानों की आय कम हो गई और महंगाई दोगुनी हो गई। भाजपा सरकार  की हर बात झूठी निकली। आज किसानों को उनकी फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।

    भाजपा सरकार साजिश के तहत तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन छीनकर उद्योगपतियों को देना चाहती थी। तीनों काले कानून के खिलाफ किसानों ने आंदोलन किया। सैकड़ो किसान शहीद हुए। भाजपा ने अपमानित किया, लेकिन किसान पीछे नहीं हटे। अंत में तानाशाही सरकार को अपना काला कानून वापस लेना पड़ा, इसके लिए हम किसानों को बधाई देते हैं। लेकिन किसानों की लड़ाई यहीं खत्म नहीं हुई है आंदोलन के बावजूद

    भाजपा सरकार ने किसानों को उनकी फसलों की एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया है। इंडिया गठबंधन की सरकार आते ही किसानों को सम्मान मिलेगा, उनकी फसलों को एमएसपी का कानूनी अधिकार मिलेगा, किसानों का कर्ज माफ होगा और उनकी अन्य तरीके से भी मदद होगी।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की मदद नहीं की, किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। उद्योगपतियों का 15 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया। भाजपा सरकार की नीतियां सिर्फ उद्योगपतियों के लिए है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के साथ नौजवानों, गरीबों, महिलाओं सभी को धोखा दिया है। सीमा पर देश की रक्षा करने वाले नौजवानों के लिए सेना की नौकरी में अग्निवीर योजना लाकर उसे चार साल का कर दिया। हम लोग अग्निवीर योजना को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार सत्ता में आते ही अग्निवीर योजना खत्म करके जवानों को सेना के पूरी नौकरी दी जाएगी, पूरा सम्मान दिया जाएगा।

    नेताजी मुलायम सिंह यादव जब देश के रक्षा मंत्री थे तब उन्होंने फैसला लिया कि अगर हमारा कोई भी जवान शहीद होगा तो पूरे सम्मान के साथ उसका पार्थिव शरीर घर पर लाया जाएगा और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। लेकिन अग्निवीर के शहीद होने पर यह सरकार सम्मान भी नहीं देती है। इस सरकार ने नौजवानों से हर साल दो करोड़ नौकरी देने के वादा किया था। नौकरियां नहीं दी बल्कि भाजपा सरकार के फैसलों से तमाम युवाओं की नौकरियां छिन गई। नौजवान बेरोजगार हो गए। भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक होते रहे। नौजवान पढ़ाई में मेहनत करता रहा लेकिन इस सरकार में 10 पेपर लीक हो गए, नौकरियां नहीं मिली, सरकार ने जानबूझकर पेपर लीक कराए, जिससे उसे नौकरी और आरक्षण ना देना पड़े।

    अखिलेश ने कहा कि इस सरकार ने चुनावी चंदे के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर तमाम ऐसी-ऐसी कंपनियों से हजारों करोड़ रूपयें की वसूली की है जिनका कोई मुनाफा नहीं था। सरकार ने सरकारी संस्थाओं के जरिए दबाव बनाकर कंपनियों से वसूली की। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब कोई सरकार पार्टी के चंदा के लिए दबाव बनाकर वसूली कर रही हो। जब से इलेक्टोरल बांड की पोल खुली है बीजेपी घबराई हुई है।

    श्री यादव ने कहा कि तीसरे चरण में बदायूं से लेकर मैनपुरी तक भाजपा का सफाया होना तय है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन सभी सीटें जीतने जा रहा है। इस क्षेत्र से नेताजी का बहुत करीबी रिश्ता रहा है। नेताजी बदायूं से चुनाव जीते और प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। समाजवादियों ने बदायूं में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया, सड़के, अस्पताल बनाये, बहुत सारे विकास के कार्य कराए। उन्होंने समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी आदित्य यादव को ऐतिहासिक मतों से जिताने की अपील की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सब लोग एकजुट होकर भाजपा को हटाने के लिए साइकिल का बटन दबाकर आदित्य को रिकार्ड वोटों से जिताये।

     फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय यादव के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हटेगी तो महंगाई घटेगी। भाजपा हटेगी, नौकरी मिलेगी। भाजपा हटेगी, संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचेगा। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के खिलाफ है। उसे सत्ता से हटाने को तैयार है। समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अपने वोट के साथ अपने बूथ की रखवाली भी करनी है। सावधानी से रहकर वोट करना है। अक्षय यादव को रिकार्ड मतों से चुनाव जिताना है।

जनसभा को समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव, एवं राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सम्बोधित करते हुए अक्षय यादव को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की। 


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.