AKHILESH YADAV ने कहा: इस बार गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया हो जाएगा
AKHILESH YADAV said: This time BJP will be wiped out from Ghaziabad to Ghazipur.
IPN Live
Lucknow, 19 Apr, 2024 12:38 AMलखनऊ, 18 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 19 अप्रैल को लोकसभा चुनावों का पहले चरण का मतदान होगा।
अखिलेश यादव ने मतदाताओं का आह्वान किया है कि वे 19 अप्रैल को होने वाले आठ लोकसभा क्षेत्र सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत के चुनाव में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए वोट करें, किसानों, नौजवानों, महिलाओं के जनअधिकारों को बचाने तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए निर्भीक, स्वतंत्र और निष्पक्षता के साथ एक-एक वोट का इस्तेमाल करते हुए भारी संख्या में मतदान अवश्य करें। स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को पूरा करने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताकर केन्द्र में इंडिया गठबंधन और पीडीए की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करे।
अखिलेश ने लोगों से पहले चरण के मतदान में समाजवादी पार्टी और गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि मैं जनता का समर्थन मांगता हूं। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम आयेगा। गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैलाती है। भेदभाव करती है। भाजपा लोकसभा चुनाव जीत कर संविधान बदलना चाहती है।
सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को नौकरी देने का झूठा वादा किया। भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं के दस पेपर लीक हुए। भाजपा ने जानबूझकर पेपर लीक कराये जिससे नौकरी और आरक्षण न देना पड़े। आज प्रदेश में पढ़ा लिखा 80-90 फीसदी नौजवान बेरोजगार है। इसी तरह से भाजपा सरकार ने किसानों से उनकी आय दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन किसानों को उनकी फसलों का लागतमूल्य भी नहीं मिल रहा है। किसान संकट में है। भाजपा सरकार में गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपया बकाया है। किसान परेशान है। सरकार ने किसानों को फसलों की एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। आंदोलनकारी किसानों को अपमानित किया गया। भाजपा सरकार के दस साल में एक लाख से ज्यादा किसानों ने महंगाई और गरीबी से त्रस्त होकर आत्महत्या कर लिया। लोकसभा चुनाव में नौजवानों और किसानों के पास भाजपा को सबक सिखाने का मौका है। नौजवान और किसान इस बार भाजपा को सत्ता से हटाकर अपने अपमान का बदला लेगा।

No Previous Comments found.