AKHILESH YADAV का भाजपा सरकार और CM योगी पर हमला, बोले : मुख्यमंत्री बडे़ तीस मार खां हैं
AKHILESH YADAV attacks BJP government and CM Yogi, says: Chief Minister is a great warrior

IPN Live
Lucknow, 14 Mar, 2025 01:13 AMलखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री जी बडे़ तीस मार खां है। उन्हें तीस से बड़ा प्रेम है। महाकुंभ में मरे कितने, उन्होंने बताया तीस। कारोबार कितना हुआ, बताया 30 करोड़। पूरे प्रदेश को कितना फायदा होगा बताया तीस गुणा दस हजार करोड़। यह आंकड़ा मुख्यमंत्री के अलावा कोई नहीं दे सकता। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के कारनामों की अब ‘‘पान पर चर्चा‘‘ होगी।
गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से बातचीत श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने कब फैसला लिया था कि प्रयागराज में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अपनी बाइक का कमर्शियल यूज करेंगे और उससे पैसा कमाएंगे। मुख्यमंत्री के बयान से तो यह लगता है कि अब प्रयागराज के छात्रों को अगला रोजगार 144 साल बाद लगने वाले महाकुंभ में ही मिलेगा।
उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार में संविधान सुरक्षित नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार की असंवैधानिक कार्रवाइयों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार टिप्पणी की है। निर्देश दिए हैं, सरकार के खिलाफ अपना ऑब्जरवेशन दिया है फिर भी भाजपा सरकार उसे नहीं मान रही है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए झूठे बयान देती है और बयान दिलवाती है। भाजपा के लोग झूठ तो बोलते ही हैं, झूठ पर टिके भी रहते हैं। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान, किसान, पीडीए विरोधी है। भाजपा सरकार अब कुछ भी कर ले लेकिन पिछड़ा, दलित, आदिवासी, आधी आबादी और अल्पसंख्यक भाइयों ने मन बना लिया है कि वह पीडीए को मजबूत करेंगे। पीडीए की ताकत को आगे बढ़ाएंगे। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद नहीं पता है कि वह उर्दू का विरोध उर्दू में कर रहे थे। उनके भाषण में उर्दू के तमाम शब्द रहते हैं। यह बात समझनी चाहिए कि कि उर्दू भारतीय भाषा है। यही जन्मी, बढी और यही उसका विकास हुआ।
श्री यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। किसानों की आय दोगुना नहीं हुई। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लगातार हत्याएं हो रही हैं। लूट हो रही है, स्वास्थ्य सेवाएं खराब हो चुकी हैं, मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पा रहा है । मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलती है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है, ऐसा भ्रष्टाचार और लूट कभी नहीं था। इस सरकार ने पुलिस को बेईमान बना दिया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी है। महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। निवेश नहीं हो रहा है। शेयर मार्केट डूब रहा है। इस सरकार ने पूरे बाजार को दूसरों के हवाले कर दिया है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भाजपा झूठ बोलने में नंबर एक है। सरकार ने सब बेच दिया, किसान बाजार बेच दिया, पलासियो माल बेच दिया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव में बेईमानी करती है, वोट नहीं डालने देती है। वोट कटवा देती है। हमने पार्टी के सभी लोगों से कहा है कि जो भी 18 साल का हो जाए, सबका वोट बनवाएं। अपनी अपनी वोटर लिस्ट को ध्यान से देखें और बेहतर करें।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को उजागर करने वालों की हत्याएं हो रही हैं। जानकारी मिली है कि सीतापुर के पत्रकार ने भ्रष्टाचार को उजागर किया था इसीलिए उसकी हत्या हो गई। भ्रष्टाचार के मामले में यह कोई पहली जान नहीं गई है। अभी नोएडा में जिस अधिकारी ने आत्महत्या की है, उसके बारे में पता चला है कि उसके ऊपर बहुत दबाव था। भाजपा सरकार में किसी के साथ कुछ भी हो सकता है, किसी की भी जान जा सकती है। जनता भाजपा सरकार में हो रहे अराजकता और भ्रष्टाचार को जान रही है, आने वाले चुनाव में इन्हें हटा देगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की एमएसपी पर्याप्त नहीं है। भाजपा सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढाई। पर्ची में भी हेराफेरी कर रहे हैं। गन्ना किसान आंदोलन करता रहा।
श्री यादव ने कहा कि महाकुंभ में हुई भगदड़ में जिन लोगों की मौत हुई है, उनका कभी न कभी खुलासा जरूर होगा। प्रयागराज में अपनों को खोजते हुए तमाम लोग खोया पाया केंद्र में गए लेकिन जानकारी नहीं मिली। लोगों ने वहां अपने खोए हुए लोगों के पोस्टर लगाए अब पता चल रहा है कि सरकार इन पोस्टरों को हटा रही है। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि जो लोग खो गए हैं, उनके बारे में जानकारी करें और परिवारों से बिछड़े लोगों को मिलाए लेकिन सरकार नहीं कर रही थी, लोग अपने लोगों को ढूंढना चाहते हैं लेकिन सरकार पोस्टर हटा दे रही है। थाने में एफआईआर नहीं दर्ज हो रही है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश और देशवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली खुशियों का त्यौहार है। हमें उम्मीद है देश की पहचान गंगा जमुनी तहजीब और भाईचारे के साथ हम लोगों ने जिस तरह से सभी त्यौहार मनाये हैं। सभी त्योहारों में एक दूसरे को बधाई देते हैं, खुशियों के साथ मिलजुल कर मनाते हैं। इस तरह से होली भी खुशियों के साथ मनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी लोग त्योहार से जुड़े हुए हैं त्योहारों पर जो कारोबार होता है उससे भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी।
No Previous Comments found.