सरकारी स्कूलों की बदहाली और शिक्षकों की कमी के खिलाफ ‘आप’ छात्रविंग का प्रदर्शन

AAP student wing protests against the poor condition of government schools and shortage of teachers

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 18 Aug, 2026 11:14 PM
सरकारी स्कूलों की बदहाली और शिक्षकों की कमी के खिलाफ ‘आप’ छात्रविंग का प्रदर्शन

हजरतगंज चौराहे के पास जीपीओ पर प्रदर्शन, 77,400 से अधिक रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग

‘शिक्षा और रोजगार मांगने वाले युवाओं को नक्सली दिमाग कहना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता’ : अनित रावत

लखनऊ, 18 अगस्त 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के सरकारी विद्यालयों की बदहाल स्थिति, बुनियादी सुविधाओं की कमी और शिक्षकों के 77,400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की छात्रविंग ASAP (Association of Students for Alternative Politics) ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया। छात्रविंग के प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे के निकट जीपीओ पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने सरकारी स्कूलों में पर्याप्त कक्षाओं, शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के साथ ही रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रविंग नेताओं ने कहा कि सरकारी विद्यालयों की स्थिति सुधारना और युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

स्कूलों में न कमरे हैं, न पर्याप्त शिक्षक : अनित रावत

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छात्रविंग के प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहद खराब है। कई विद्यालयों में पर्याप्त कमरे नहीं हैं और जहां कमरे हैं, वहां शिक्षकों की कमी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि छोटे-छोटे बच्चों को अपनी पढ़ाई और शिक्षकों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। जिन बच्चों को कक्षा में बैठकर पढ़ाई करनी चाहिए, वे सरकार से शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

रावत ने कहा कि सरकार को बच्चों की शिक्षा से जुड़े सवालों को गंभीरता से लेना चाहिए और विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर करना चाहिए।

‘शिक्षा और रोजगार मांगने वालों को नक्सली कहना लोकतंत्र का अपमान’

अनित रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण के संदर्भ में भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब युवा और छात्र बेहतर शिक्षा और रोजगार की मांग करते हैं तो उन्हें ‘नक्सली दिमाग’ कहना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि युवा अपना अधिकार मांग रहा है, किसी से खैरात नहीं मांग रहा। शिक्षा और रोजगार के लिए सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को छात्रों और युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए।

77,400 से अधिक शिक्षकों के पद खाली होने का दावा

अनित रावत ने दावा किया कि प्रदेश में 77,400 से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि इन पदों पर तत्काल भर्ती होने से एक ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी रिक्त पदों पर पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। रावत ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें बेरोजगार रखने की नीति पर चल रही है।

‘गरीब बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए’

आप छात्रविंग प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की बदहाली का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को केवल घोषणाओं के बजाय जमीनी स्तर पर काम करना होगा। यदि रिक्त पदों पर जल्द भर्ती नहीं की गई और सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो छात्रविंग की ओर से बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

प्रदर्शन में छात्रविंग के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, प्रदेश संगठन मंत्री आशीष, निलेश, चन्द्रजीत, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नई शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

#ipnlive #ipnnews #ipn #AAP #AamAadmiParty #ASAP #StudentWing #AnitRawat #Lucknow #Hazratganj #UttarPradesh #UPNews #Education #GovernmentSchools #TeacherRecruitment #TeachersVacancy #Unemployment #EducationSystem #StudentProtest #LucknowNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.