यूपी की सियासत में नए मोर्चे की दस्तक: ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, 2027 में CM फेस होंगे आजाद
A new front emerges in UP politics: Owaisi and Chandrashekhar join hands, Azad will be the CM face in 2027
IPN Live
Lucknow, 13 Nov, 2026 02:30 AM‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का ऐलान, सपा-कांग्रेस समेत भाजपा विरोधी दलों को भी दिया साथ आने का न्योता
26 नवंबर को लखनऊ में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली से शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, 10 लाख लोगों के जुटने का दावा
लखनऊ, 12 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी जंग से पहले प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन की एंट्री हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिलाकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया है। इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। ओवैसी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा करते हुए साफ कर दिया कि मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए मैदान में उतरेगा।
गोमती नगर स्थित होटल दयाल पैराडाइज में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने गठबंधन के राजनीतिक एजेंडे और चुनावी रणनीति का खुलासा किया। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने नए मोर्चे को तीसरा मोर्चा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह तीसरा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा होगा। उन्होंने भाजपा को सत्ता से हटाने के संकल्प के साथ सभी भाजपा विरोधी दलों को एक मंच पर आने का न्योता दिया।
चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का नाम लेकर कहा कि यदि ये दल भाजपा को हराने के लिए प्रतिबद्ध हैं तो सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के दरवाजे उनके लिए भी खुले हैं। उन्होंने पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 में भाजपा को हराने की बात तो हुई, लेकिन विपक्ष अपने मकसद में सफल नहीं हो सका। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को हराने का दावा करने वाले दलों के बीच एकजुटता की राह में आखिर अहंकार क्यों आड़े आता है?
ओवैसी का दांव: चंद्रशेखर को CM चेहरा घोषित कर दिया राजनीतिक संदेश
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे अहम राजनीतिक सवाल मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उठा। पत्रकारों ने ओवैसी से पूछा कि जब वह मुस्लिम समाज की स्वतंत्र राजनीतिक भागीदारी की पैरवी करते हैं तो फिर मुख्यमंत्री पद के लिए चंद्रशेखर आजाद का नाम क्यों आगे किया गया?
इस पर ओवैसी ने कहा कि देश में दलित, पिछड़े और मुस्लिम सहित तमाम वंचित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। चंद्रशेखर आजाद इन वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करना मुस्लिम समाज के सम्मान और वंचित वर्गों की साझा राजनीतिक लड़ाई को मजबूती देने वाला कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वर्ग के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सत्ता परिवर्तन नहीं, व्यवस्था में बदलाव का दावा
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए अब राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा। उनके मुताबिक, देश और प्रदेश में अनेक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने, लेकिन बहुजन समाज की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि अब बहुजन समाज अपमान और अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान जातीय उत्पीड़न, अत्याचार और हत्याओं की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार को घेरा और सवाल किया कि पीड़ित परिवारों को न्याय तथा उनका अधिकार कौन दिलाएगा? उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मकसद केवल सरकार बदलना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकार, समानता, सम्मान और वंचित समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
26 नवंबर को महारैली से ताकत दिखाने की तैयारी
नए मोर्चे के गठन के बाद अब निगाहें 26 नवंबर पर टिक गई हैं। संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के माता रमाबाई अंबेडकर मैदान में ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित की जाएगी। चंद्रशेखर आजाद ने इस रैली में शामिल होने के लिए ओवैसी को आमंत्रित किया है। आयोजकों ने देशभर से 10 लाख लोगों को जुटाने का दावा किया है। यह महारैली नए मोर्चे के पहले बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, राष्ट्रीय सचिव रामेश्वर पवन पटेल, प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य तथा एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली सहित दोनों दलों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
#UPPolitics #UPElection2027 #ChandrashekharAzad #AsaduddinOwaisi #SocialChangeFront #AIMIM #AzadSamajParty #BahujanPolitics #DalitPolitics #MuslimPolitics #Lucknow #ConstitutionDay #चंद्रशेखरआजाद #असदुद्दीनओवैसी #सामाजिकपरिवर्तनमोर्चा #यूपीकीसियासत #विधानसभाचुनाव2027 #बहुजनस्वराज #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.