आगरा में कांग्रेस के मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
A huge crowd gathered at the Congress's divisional workers' conference in Agra, with over 5,000 workers raising slogans.
IPN Live
Lucknow, 22 Nov, 2026 12:27 AMमौजूदा सरकार ने देश के श्रमिकों को बंधुआ मजदूर बना दिया: राजेंद्र पाल गौतम
सरकार की गलत नीतियों के कारण आगरा का युवा बेरोजगार: आराधना मिश्रा ‘मोना’
लखनऊ, 21 नवंबर 2026 (आईपीएन)। आगरा के रोहता नहर चौराहा के समीप शनिवार को आयोजित कांग्रेस के मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ सम्मेलन में भाग लेकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी मौजूद रहे।
आगरा का जूता और फिरोजाबाद का चूड़ी उद्योग भाजपा ने किया चौपट: आराधना मिश्रा ‘मोना’
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आगरा के बदहाल जूता उद्योग पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज आगरा का युवा बेरोजगार है और रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों में भटकने को मजबूर है। फिरोजाबाद के विश्व प्रसिद्ध चूड़ी उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने इस उद्योग को बर्बाद कर दिया है। यही वजह है कि आज फिरोजाबाद के बाजारों में चीन की चूड़ियां बिक रही हैं। उन्होंने मैनपुरी में खेती-किसानी की बदहाली के लिए भी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
धर्म की राजनीति पर प्रहार करते हुए आराधना मिश्रा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने मंदिर के नाम पर बड़े पैमाने पर चंदे की चोरी की है। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब इनकी नजर मथुरा पर है। ये ‘राधे-राधे’ और ‘कमल की राधे’ बोलकर मथुरा की भोली-भाली जनता को ठगना चाहते हैं, लेकिन अब जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगरा से भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। आगरा की राजनीतिक जमीन पर कांग्रेस का बीज बो दिया गया है और अब मेहनती कार्यकर्ता यहां कांग्रेस की लहलहाती फसल तैयार करेंगे।
मोदी सरकार ने श्रमिकों को बंधुआ मजदूर बना दिया: राजेंद्र पाल गौतम
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने श्रमिकों और छात्रों की स्थिति पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने देश के श्रमिकों को बंधुआ मजदूर बना दिया है। अंग्रेजों के शासनकाल में भी मजदूरों से 10 घंटे काम लिया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार में श्रमिकों को 12 से 15 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है और बदले में उचित मजदूरी भी नहीं दी जा रही है। जबकि कांग्रेस शासनकाल में आठ घंटे की ड्यूटी निर्धारित थी और भोजन के लिए अलग से समय दिया जाता था।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर बच्चे को मुफ्त शिक्षा देती थी, जिससे गरीब परिवारों के बच्चे पढ़-लिखकर वकील और मजिस्ट्रेट बनते थे। लेकिन मोदी सरकार न तो शिक्षा दे पा रही है और न ही युवाओं को रोजगार। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को केवल बंधुआ मजदूर बना रही है।
राजेंद्र पाल गौतम ने एलडीबी बैंक से पीड़ित किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बैंक ने किसानों को एक लाख रुपये का कर्ज दिया और ब्याज के नाम पर चार लाख रुपये वसूल लिए, इसके बावजूद किसानों के सिर पर बकाया दिखाया जा रहा है।
महंगाई और बेरोजगारी आम जनता को निगल जाएगी: कुणाल चौधरी
राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने किसानों की बदहाली और बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज देश के अन्नदाता की हालत बेहद खराब है और राहुल गांधी ही सड़क से संसद तक किसानों की बुलंद आवाज बने हुए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। यदि समय रहते इस जनविरोधी सरकार को उखाड़कर नहीं फेंका गया तो बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी आम जनता को निगल जाएगी।
इस दौरान आम आदमी पार्टी की बृज जोन प्रदेश अध्यक्ष हिरदेश चौधरी सहित भाजपा, आजाद समाज पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से आए सैकड़ों नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनिल चौधरी, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिल यादव, मथुरा के जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Congress #CongressMeeting #Agra #AradhanaMishra #RajendraPalGautam #KunalChaudhary #UPPolitics #YouthUnemployment #महंगाई #बेरोजगारी #कांग्रेस #आगरा #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.