पासवान के सम्मान पर यूपी से बड़ा संदेश, बोले योगी: दलितों-वंचितों की आवाज थे रामविलास
A big message from UP on Paswan's honor, Yogi said: Ram Vilas was the voice of Dalits and the deprived.
IPN Live
Lucknow, 8 Oct, 2026 04:04 PMचिराग बढ़ा रहे मिशन, बिहार जैसा सम्मान यूपी में भी दिलाएंगे : मुख्यमंत्री
लखनऊ, 08 अक्टूबर (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे, जिन्होंने सामाजिक चेतना को नया आयाम प्रदान किया और दलितों, वंचितों तथा शोषित वर्गों की सशक्त आवाज बनकर देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
बिहार ने सबसे बड़े जनादेश से नवाजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग पांच दशक पूर्व बिहार से उभरे रामविलास पासवान को जनता ने भरपूर सम्मान दिया और ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर संसद भेजा। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, दलित उत्थान तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों के भारत के निर्माण के लिए समर्पित किया।
संसद में साथ काम करने का मिला अवसर
सीएम योगी ने कहा कि उन्हें संसद में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिला। उनके मन में भारतीय परंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रति गहरा सम्मान था। समाज के वंचित वर्गों को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए उन्होंने निरंतर संघर्ष किया।
बिहार जैसा सम्मान यूपी में भी दिलाएंगे
मुख्यमंत्री ने बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां रामविलास पासवान की पुण्यतिथि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार में रामविलास पासवान को जो सम्मान मिला, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।
चिराग आगे बढ़ा रहे रामविलास का मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान की कमी हमेशा महसूस होगी, लेकिन यह संतोष की बात है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चिराग पासवान जनहित और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।
सहजता और सदाशयता थी उनकी पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामविलास पासवान की सहजता, स्नेह, सरलता और सदाशयता हर किसी का हृदय छू लेती थी। उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाया और अपने विचारों तथा कर्मों से समाज के लिए प्रेरणा का कार्य किया।

No Previous Comments found.