सपा ने मनायी लोहिया की पुण्यतिथि, AKHILESH लखनऊ में बोले : नाइंसाफी, भेदभाव, शोषण और विषमता के खिलाफ संघर्ष करते रहेंगे समाजवादी
SP celebrates Lohia's death anniversary, Akhilesh says in Lucknow: Socialists will continue to fight against injustice, discrimination, exploitation and inequality

IPN Live
Lucknow, 13 Oct, 2025 01:21 AMलखनऊ, (आईपीएन)। समाजवादी चिंतक डॉ.राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि आज राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में मनायी गयी। समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने डॉ. लोहिया के याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य कार्यक्रम राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डा. लोहिया पार्क में हुआ। इसके अतिरिक्त लोहिया संस्थान गोमतीनगर और चौक, लखनऊ स्थित लोहिया पार्क में भी लोहिया जी की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया।
समाजवादी पार्टी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोमतीनगर लखनऊ स्थित लोहिया पार्क पहुंचकर डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. राम मनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोहिया जी ने गैरबराबरी, भेदभाव, नाइंसाफी और शोषण के खिलाफ जीवन पर्यन्त संघर्ष किया। उन्होंने समाज में ऊंच-नीच, भेदभाव को खत्म करने और समाजिक-आर्थिक समानता के लिए सप्तक्रांति का आह्वान किया। श्री यादव ने कहा कि आज हम सभी लोग डॉ. लोहिया के विचारों, सिद्धांतों और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। समाजवादी लोग नाइंसाफी, भेदभाव, शोषण और विषमता के खिलाफ संघर्ष करते रहेंगे। जनता को जागरूक करेंगे। डा. लोहिया के सप्तक्रांति के आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाएंगे और पीडीए समाज को आर्थिक और सामाजिक सम्मान दिलाएंगे। सामाजिक न्याय के राज की स्थापना किया जाएगा।
सपा सरकार में आने पर सभी वर्गों की खुशहाली के लिए काम करेगी
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में आने पर किसानों, नौजवानों, महिलाओं और सभी वर्गों की खुशहाली के लिए काम करेगी। समाजवादी सरकार ने पहले भी विकास किया आने वाले समय में भी जनता के हित में फैसले लिए जाएंगे, विकास कार्य होंगे। लोहिया पार्क नेताजी के समय पर बना था। यह पहला पार्क था, जिसके बनते समय एक भी पेड़ नहीं काटा गया था। पहली बार ट्रीज ट्रांस लोकेट किए गए थे। समाजवादी सरकार में छोटे लोहिया जनेश्वर जी के नाम से पार्क बनाया गया। जयप्रकाश जी के नाम पर जेपीएनआईसी बनाया गया। गोमती नदी पर खूबसूरत रिवरफ्रंट बनाया गया। भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास रोका और बर्बाद किया।
पुलिस का दुरुपयोग कर रही है यह सरकार
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्पीडऩ, अन्याय, अत्याचार, चरम पर है। भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं टूट चुकी है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हैं। शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। इस सरकार में आर्थिक असमानता, गैरबराबरी बढ़ी है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हैं। यह सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। अपने राजनीतिक लाभ के लिए प्रयोग कर रही है। भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। नाकामी छिपाने के लिए मुख्यमंत्री जी सफेद टेबल पर बैठक कर काला झूठ बोलते हैं। कानपुर के अखिलेश दुबे के मामले में सरकार छिपा रही है। वहां पुलिस के बड़े-बड़े अधिकारी फंस रहे हैं। पुलिस के लोग ठीक काम नहीं कर रहे हैं। भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा है। पुलिस के अधिकारी एक-दूसरे को बचाने में लगे हैं।
जातीय आधार पर भेदभाव कर रही है BJP सरकार
श्री यादव ने कहा कि भाजपा जातिवादी पार्टी है। भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर जातीय उत्पीडऩ और भेदभाव हो रहा है। यह चिंता का विषय है। डॉ.लोहिया ने जाति तोड़ो अभियान चलाया था। बाबा साहब डॉ. भीम राव अम्बेडकर ने जातीय उत्पीडऩ के खिलाफ कानून बनाया। भाजपा सरकार जातीय आधार पर भेदभाव कर रही है। अधिकारियों की तैनाती जाति के आधार पर होती है। जातीय उत्पीडऩ की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से हरियाणा में एक आईपीएस की जान चली गयी। आईपीएस की जान चली जाना सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस पर जूता फेंकना, कथावाचकों को बांधकर पीटना, रायबरेली में बाल्मीकि समाज के नौजवान को पीट कर मार डालना, यहां बंथरा में भी इसी तरह की घटना हो गयी।
भाजपा भूमाफिया पार्टी है
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। आरक्षण छीना जा रहा है। इस सरकार में पीडीए के अधिकारियों की तैनाती नहीं होती है। स्वजातीय अधिकारियों कोे तैनात कर जमीनों को छीना जा रहा है। पीडीए समाज सब देख रहा है। समाजवादी पार्टी जल्दी ही दलितों और आम जनता पर हो रहे उत्पीड़न और जिलों-जिलों में जमीनों के अवैध कब्जों की सूची बनाकर भाजपा को बेनकाब करेगी। भाजपा भूमाफिया पार्टी है।
भाजपा के लोग बातों से स्वदेशी और मन से विदेशी
श्री यादव ने कहा कि भाजपा के लोग बातों से स्वदेशी और मन से विदेशी हैं। भाजपा बात स्वदेशी की करती है लेकिन विदेशी कंपनियों को बुलाकर पूरा बाजार उन्हें सौंप दिया जा रहा है। अगर अपना व्यापार बचाना है और स्वदेशी अपनाना है तो चीन के साथ व्यापार क्यों बढ़ाया जा रहा है? पूरा इलेक्ट्रॉनिक बाजार चीन को दे दिया गया। यहां किसान खाद के लिए लाठी खा रहा है। किसान को खाद नहीं मिल रही है। खाद के लिए लाइन में लगे-लगे कई जगह किसानों की जान चली गयी। भाजपा सरकार किसानों को खाद नहीं उपलब्ध करा पा रही है। गन्ना किसान गन्ना कीमत बढऩे इंतजार कर रहा है लेकिन सरकार नहीं बढ़ा रही है। वादा था पर किसान की आय कहां दोगुनी हुई?
पलायन और घुसपैठ को लेकर भाजपा नेताओं के सब आंकड़े फर्जी हैैं
श्री यादव ने कहा कि सरकार उद्योगपतियों से मिलकर मुनाफा कमा रही है। महंगाई बढ़ा दिया है। भाजपा चंदा लेने के लिए व्यापारियों, उद्योगपतियों से मुनाफाखोरी करा रही है। एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि पलायन और घुसपैठ को लेकर भाजपा नेताओं के सब आंकड़े फर्जी हैैं। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के हैं तो क्या वे भी घुसपैठिए है?
लोहिया पार्क, गोमती नगर के कार्यक्रम में यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा एवं नगर निगम पार्षद दल के उपनेता देवेन्द्र सिंह जीतू, पार्टी के झंडे, लोहिया जी के चित्र और पीडीए कटआउट के साथ नौजवानों की बड़ी टोली के साथ शामिल हुए। डॉ. लोहिया अमर रहे, अखिलेश जी जिंदाबाद के नारों से पार्क को वे गंुजाते रहे।
No Previous Comments found.